कैंब्रिज हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया
देवास। कैंब्रिज हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संचालक श्री आर.पी. मिश्रा, श्री महेंद्र जैन, श्री रितेश सर, प्रज्ञा मैडम एवं रागिनी मैडम द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इसके पश्चात श्री महेंद्र जैन एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय के संचालक श्री आर.पी. मिश्रा का पाद-प्रक्षालन कर गुरु के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा व्यक्त की। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया।
अपने आशीर्वचन में प्राचार्य श्री आर.पी. मिश्रा ने कहा कि सनातन संस्कृति में सबसे प्रथम गुरु माँ होती हैं, उसके बाद माता-पिता और फिर विद्यालय में शिक्षा देने वाले गुरु। गुरु के मार्गदर्शन से ही शिष्य उन्नति एवं प्रगति के पथ पर अग्रसर होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करता है। उन्होंने एकलव्य का उदाहरण देते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन छात्र कुलदीप जोशी ने किया। अंत में विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त करते हुए हुआ।


