फ्रिज में महिला का शव मिलने से फैली सनसनी
पुलिस ने चंद घंटे में सुलझाया मामला, आरोपी गिरफ्तार
लिव-इन में रह रहे थे दंपति, शादी का दबाव बनाया तो कर दी थी हत्या
देवास। शुक्रवार सुबह देवास की वृंदावन धाम कॉलोनी में महिला का शव फ्रिज में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव की शिनाख्त की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। देवास पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। दरअसल सुबह वृंदावन धाम कॉलोनी के एक मकान में फ्रिज से महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बीएनपी थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि मकान मालिक धीरेन्द्र श्रीवास्तव ने जुलाई 2023 में यह मकान संजय पाटीदार को किराए पर दिया था। संजय ने जून 2024 में मकान खाली कर दिया, लेकिन एक कमरे में अपना कुछ सामान छोड़ दिया था, जिसमें एक फ्रिज भी शामिल था। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला प्रतिभा और आरोपी संजय लिव-इन रिलेशनशिप में थे। मृतिका प्रतिभा शादी की इच्छा जता रही थी, जिसके चलते संजय ने अपने एक साथी विनोद दवे के साथ मिलकर मार्च 2024 में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को फ्रिज में छिपा दिया गया था। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने बताया कि मृतिका प्रतिभा और आरोपी संजय लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। फ्रिज में शव मार्च 2024 से रखा हुआ था। विनोद दवे फिलहाल राजस्थान की एक जेल में बंद हैं और पुलिस उनसे भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। वर्तमान में मकान में बलवीर सिंह अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। वह पिछले चार महीने से यहां किराए पर रह रहे हैं। मकान का किराया 7 हजार रुपये है। बलवीर सिंह ने बताया कि मकान में दो कमरे पहले के किराएदार ने खाली नहीं किए थे, जिनमें एक मास्टर बेडरूम और एक स्टडी रूम शामिल था। इन्हीं में से एक कमरे में फ्रिज रखा हुआ था। शुक्रवार को बलवीर सिंह ने बदबू के कारण उस कमरे का ताला तोड़ा और फ्रिज खोला, तब इस भयावह घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने संजय पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया है। पड़ोसियों का कहना है कि महिला इस मकान में रहकर साड़ी और चूड़ी बेचने का काम करती थी।