राज योग के साथ राजे योग से सेंधव बने देवास जिलाध्यक्ष
स्वागत के साथ सेंधव ने विधायक के चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद
देवास। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष के नाम को लेकर देवास की राजनीति में बहुत उथल पुथल चल रहा था। वैसे तो रायशुमारी के बाद पुरुष के चार नाम, तो महिला के दो नाम बाज़ार में चर्चा के चल रहे थे। लेकिन नाम तय पैलेस की स्वीकृति के बिना संभव नहीं था। कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का शुरू से ही सेंधव के नाम पर संभावना व्यक्त हो रही थी। सोमवार रात 9 बजे अधिकृत स्वीकृति भी रायसिंह सेंधव के नाम की मिल गई।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव दूसरे दिन मंगलवार को पहली बार जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। ढोल और आतिशबाजी के बीच कार्यालय में माहौल उत्सव जैसा था। सेंधव के आगमन से पहले ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यालय पहुंच गए थे। सेंधव ने कार्यालय पहुंचने के बाद सबसे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पवार, और जिले के अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि सोमवार रात को भाजपा संगठन ने रायसिंह सेंधव को जिलाध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की थी। उनकी नियुक्ति के बाद से ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई थी, जिसे जश्न के रूप में व्यक्त किया गया। स्वागत समारोह के बाद सेंधव ने सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के आगामी कार्यों और योजनाओं पर चर्चा की। इसके बाद वे विधायक गायत्री राजे पवार के निवास आनंद भवन पैलेस पहुंचे। विधायक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए सहयोग की बात कही। साथ ही उन्होंने विधायक के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। सेंधव ने कहा कि वह संगठन के उद्देश्यों को प्राथमिकता देंगे और पार्टी को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। इस मौके पर उन्होंने पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।