50 लाख की जगह अब 1 करोड़ 3 लाख के नोट से सजेगा मंदिर परिसर
भक्तों में उत्साह : श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में अनुष्ठान शुरु
देवास। मोती बंगला शिवाजी नगर स्थित श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में दीपावली का विशेष अनुष्ठान शनिवार से शुरु हो गया है। इस वर्ष श्री योगमाया महालक्ष्मी पारमार्थिक न्यास समिति ने मंदिर को दीपावली के अवसर पर रतलाम के महालक्ष्मी मंदिर की तर्ज पर नोटों से सजाने का निर्णय लिया था। इसके लिए जन सहयोग से राशि एकत्रित की जा रही है। समिति ने मंदिर को नोटों से सजाने के लिए पहले 50 लाख का लक्ष्य रखा था, किंतु भक्तों में इस विशेष अनुष्ठान के लिए खासा उत्साह देखा गया। जिसके चलते मंदिर समिति को धनतेरस की सुबह 1 करोड़ 3 लाख रुपये की राशि भक्तों द्वारा समर्पित की गई है। इस तरह अब महालक्ष्मी मंदिर में 1 करोड़ से अधिक राशि से सजाया जाएगा। श्री योगमाया महालक्ष्मी पारमार्थिक न्यास समिति के अध्यक्ष विमल शर्मा ने बताया कि अनुष्ठान के अंतर्गत शनिवार को महालक्ष्मी का कुमकुम से अर्चन किया गया। वहीं 19 अक्टूबर को 21 हजार कमल पुष्प से अर्चन किया जाएगा। साथ ही नोटों से सजा मंदिर भक्तों के लिए खोला जाएगा। शर्मा ने बताया कि दीपावली के अवसर पर पूरी रात मंदिर में अनुष्ठान चलेगा। अनुष्ठान का समापन 22 अक्टूबर को होगा। जिसके बाद भक्तों को भाई दूज के अवसर पर उनके द्वारा अर्पित की गई राशि व कुबेर पोटली प्रसाद स्वरूप सौंपी जाएगी। आयोजन समिति ने भक्तों से धर्मलाभ लेने की अपील की है।