स्वदेशी मेले के दूसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
विधायक घनश्याम सिंह चंद्रवंशी, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल सहित अतिथियों ने किया मेले का भ्रमण
देवास। पुलिस ग्राउंड में आयोजित स्वदेशी मेले के दूसरे दिन भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कालापीपल विधायक घनश्याम सिंह चंद्रवंशी, देवास महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल और वरिष्ठ भाजपा नेता दुर्गेश अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने सबसे पहले राम दरबार में पूजा-अर्चना की। इसके बाद मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी की और स्थानीय उत्पादकों एवं व्यापारियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में पालक अधिकारी समीर मूंदड़ा, संगठन मंत्री हेमंत रावत और सहसंयोजक विपुल अग्रवाल भी मौजूद रहे। स्वागत भाषण मेला संयोजक विजेंद्र उपाध्याय ने दिया। कार्यक्रम का संचालन मोनिका शर्मा एवं शिवांगी महाजन ने किया तथा आभार सहसंयोजक पुष्पलता सोनगरा ने माना। स्वदेशी उत्पादों, भारतीय संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा यह मेला देवासवासियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।


