मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी की बाइक से की थीं कई अन्य वारदातें
देवास। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह चोरी की गई मोटरसाइकिल का उपयोग कर क्षेत्र में कई अन्य चोरियों को भी अंजाम देता था। फरियादी सोहेल मंसूरी पिता अफजल मंसूरी उम्र 24 साल निवासी क्षिप्रा देवास ने 18.05.2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सफेद रंग की टी वी एस अपाचे मोटरसाइकिल 12.05.2025 की रात को चोरी हो गई थी। उनकी रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास में अपराध क्रमांक 454/2025 धारा 303(2) बी एन एस 2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशों तथा श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की गई मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर कई अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया था।
दिनांक 03.12.2025 को मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने अभिषेक मालवीय उर्फ अभी पिता कमल सिंह मालवीय उम्र 22 साल निवासी कुमारीया बनवीर जिला देवास, कैलाश भाटी उर्फ गोलू पिता मांगीलाल भाटी उम्र 24 साल निवासी कुमारीया बनवीर जिला देवास और जितेन्द्र सिंह सेंधव उर्फ जैनपाल पिता अमरसिंह सेंधव उम्र 39 साल निवासी ग्राम तालोद जिला देवास को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई सफेद रंग की टी वी एस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली है जिसकी कीमत लगभग रुपये 70000 है। इस मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन क्रमांक एमपी 09 क्यू ई 6273 है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं जिनके सम्बंध में पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत चौरसिया थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र देवास, प्र आर 462 शांतिलाल, प्र आर 842 लेखराज, प्र आर 706 मोहन और आर 900 अजय जाट थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास का योगदान सराहनीय रहा।


