नशे के सौदागरों के विरुद्ध देवास पुलिस की कार्यवाही

नशे के सौदागरों के विरुद्ध देवास पुलिस की कार्यवाही

2 थानों की संयुक्त टीमों ने दबिश देकर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी का खुलासा किया

1 आरोपी गिरफ्तार, 01 अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया

देवास। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध मिशन स्तर पर सख्ती से कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती सौम्या जैन के मार्गदर्शन में तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कन्नौद श्री आदित्य तिवारी के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु निरंतर संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी जा रही है। दिनांक 14 दिसंबर 2025 को देवास जिले के ग्रामीण क्षेत्र में ड्रग्स की बड़ी खेप लेकर तस्करों के आने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी कन्नौद निरीक्षक तहजीब काजी एवं उप निरीक्षक राहुल रावत द्वारा तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से नाकाबंदी की गई। मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में आते देखा गया, जिनका कुछ दूरी तक पीछा कर रोका गया। पूछताछ एवं विधिसम्मत तलाशी के दौरान उनके पास से 55 ग्राम एम डी ड्रग कीमत लगभग 11 लाख रुपये, एक मोटरसाइकिल एवं दो मोबाइल फोन जप्त किए गए। आरोपी नारायणसिंह पिता बोमेरसिंह उम्र 50 वर्ष निवासी आंगरी सुवासरा के पास एम डी ड्रग से संबंधित कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया तथा एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कन्नौद में अपराध क्रमांक 918 वर्ष 2025 धारा 8 बटा 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा मध्यप्रदेश एवं राजस्थान की सीमा से लगे जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में पेडलर के माध्यम से एम डी ड्रग की सप्लाई करने की जानकारी दी गई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है, जिसमें अन्य गिरोह सदस्यों एवं एम डी ड्रग के स्रोत के संबंध में पूछताछ जारी है।उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी कन्नौद निरीक्षक तहजीब काजी, उप निरीक्षक राहुल रावत, प्रधान आरक्षक दीपक अग्निहोत्री, आरक्षक योगेन्द्रसिंह राजपूत, थाना सतवास से प्रधान आरक्षक गणेश रावत, आरक्षक लोकेन्द्र शर्मा, राजेन्द्रसिंह राजपूत एवं संदीप मेवाड़ा का सराहनीय योगदान रहा।

Post Author: Vijendra Upadhyay