लघु उद्योग भारती द्वारा एमएसएमई कार्यशाला का आयोजन

 

लघु उद्योग भारती द्वारा एमएसएमई कार्यशाला का आयोजन

आरएएमपी योजना के अंतर्गत उद्योगों की कार्यक्षमता, प्रतिस्पर्धात्मकता एवं अनुपालन व्यवस्था को सशक्त बनाने पर जोर

देवास। लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की कार्यक्षमता, प्रतिस्पर्धात्मकता एवं अनुपालन व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार की (आरएएमपी) योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह आयोजन मध्यप्रदेश शासन की नोडल एजेंसी – मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड द्वारा लघु उद्योग भारती, देवास के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य उद्योगों के विस्तार, उनकी कार्यप्रणाली में सुधार, नवाचार को प्रोत्साहन तथा सरकारी योजनाओं की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती एवं भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात लघु उद्योग भारती, देवास इकाई के अध्यक्ष सुभाष शिंदे ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों एवं उद्यमियों का अभिनंदन किया। जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक  रतनसिंह डावर ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न अनुदान एवं प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए उद्यमियों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर मूंदड़ा ने लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय स्तर के कार्यों की जानकारी दी। प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश मुकाती ने बताया कि यह कार्यशाला भारत सरकार की आरएएमपी योजना के अंतर्गत आयोजित की गई है, जिसका उद्देश्य देशभर में एमएसएमई क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ करना है। इसके पश्चात प्रांत सह सचिव  प्रतीक गुप्ता ने ईएसआईसी एवं पीएफ से जुड़ी नवीन योजनाओं की जानकारी दी, जिनका उद्देश्य श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना एवं उद्योगों को वित्तीय सहूलियत उपलब्ध कराना है। कार्यशाला में लीन प्रबंधन, ज़ेड प्रमाणन, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) एवं जेम पोर्टल, लेबर कोड जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए गए। आरएएमपी एवं ज़ेड नीति तथा जेम पोर्टल के प्रशिक्षक रवि वर्मा ने उद्यमियों को इन विषयों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। वॉलमार्ट से आए समीर मिस्त्री ने उद्यमियों को ई-कॉमर्स के माध्यम से व्यवसाय को ऑनलाइन जोड़ने हेतु वॉलमार्ट वृद्धि कार्यक्रम की जानकारी दी। वहीं तरुण शुक्ला ने न्यू लेबर कोड 2025 के प्रावधानों से सभी उद्यमियों को अवगत कराया। कार्यक्रम का सफल संचालन जितेन्द्र जायसवाल ने किया तथा इकाई सचिव विजेन्द्र उपाध्याय ने आभार प्रदर्शन व्यक्त किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष  संजय कारपेंटर, हरीश जैन,  संकेत राय, अखिलेश तिवारी, भरत व्यास, पंकज चंद्रावत सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही महिला इकाई अध्यक्ष श्रीमती रचना तलाटी, सचिव श्रीमती किन्शू गुप्ता, कोषाध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंगी, श्रीमती सारिका मुकाती, श्रीमती मोनिका शर्मा, श्रीमती सारिका राय एवं अन्य सदस्यगण भी उपस्थित थे। यह कार्यशाला देवास जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई, जिसमें उद्यमियों ने न केवल नई जानकारियाँ प्राप्त कीं, बल्कि औद्योगिक कार्यप्रणाली के नवीनतम तरीकों को अपनाने की प्रेरणा भी ली।

Post Author: Vijendra Upadhyay