सिविल लाइन क्षेत्र में दो बड़ी चोरी का खुलासा, इनामी आरोपी गिरफ्तार

सिविल लाइन क्षेत्र में दो बड़ी चोरी का खुलासा
इनामी आरोपी गिरफ्तार

देवास। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए उदघोषित इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 6.50 लाख रुपये कीमत का चोरी गया संपूर्ण मश्रुका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार दिनांक 05.06.2025 को फरियादी आरिफ ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत कालकापुरी देवास स्थित अपनी दुकान से स्क्रेप का सामान, तांबे का तार एवं इलेक्ट्रिक मोटर कुल कीमती लगभग 60,000 रुपये चोरी होने की सूचना थाने पर दी थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन देवास में अपराध क्रमांक 281/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इसी क्रम में दिनांक 17.06.2025 को फरियादी रोहित ने अपने घर से सोने चांदी के इस्तेमाली जेवरात, भगवान की छोटी मूर्ति, दो लैपटॉप एक एचपी एवं एक डेल कंपनी का, दो कैमरे, हाथ घड़ियां, पीतल व तांबे के भगवान के बर्तन तथा नगद राशि चोरी होने की सूचना दी। इस रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन देवास में अपराध क्रमांक 309/2025 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक हितेश पाटिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

विशेष टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी शाहरुख उर्फ मोटा पिता सलीम मेवाती उम्र 30 वर्ष निवासी अन्नपूर्णा नगर इटावा देवास एवं अरशद उर्फ अदनान पिता अकरम मेवाती उम्र 30 वर्ष निवासी आर के होटल के पास शास्त्री नगर देवास को कमला नगर रोड बायपास से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी थाना सिविल लाइन के उदघोषित इनामी आरोपी थे, जिन पर 1,000 रुपये 1,000 रुपये का इनाम घोषित था।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा अन्य आपराधिक मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी की मूर्तियां, चांदी का तवा, पीतल के बर्तन एवं मूर्तियां, चांदी के सिक्के, दो लैपटॉप, दो कैमरे, हाथ घड़ियां, लगभग 50 किलोग्राम तांबे का तार एवं अन्य सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 6.50 लाख रुपये आंकी गई है।

उक्त सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक हितेश पाटिल, सहायक उप निरीक्षक राकेश तिवारी, परवेज़ खान, आरक्षक मातादीन, राहुल परमार एवं अंतर सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Post Author: Vijendra Upadhyay