चाइनीज मांझा बेचने वाली पर केस दर्ज
मकर संक्रांति पर्व के मद्देनज़र थाना पीपलरावा पुलिस की प्रभावी कार्यवाही
देवास। मकर संक्रांति पर्व के मद्देनज़र प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के विक्रय, भंडारण एवं उपयोग पर रोक को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा जिलेभर में सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पीपलरावा पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक आरोपिया के कब्जे से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया गया है।
संक्षिप्त विवरण के अनुसार पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद द्वारा संक्रांति पर्व को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के विक्रय, भंडारण एवं उपयोग में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सोनकच्छ श्रीमती दीपा मांडवे के निर्देशन में थाना प्रभारी पीपलरावा निरीक्षक सुबोध कुमार गौतम के नेतृत्व में दिनांक 13.01.2026 को थाना पीपलरावा क्षेत्र में दबिश दी गई।
थाना पीपलरावा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि इतवारिया बाजार पीपलरावा में एक महिला विक्रेता द्वारा अपनी दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर इतवारिया बाजार पीपलरावा निवासी आरोपी महिला के कब्जे से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के सात गट्ठे जब्त किए गए।
उक्त आरोपिया के विरुद्ध थाना पीपलरावा पर अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 223 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा वैधानिक कार्यवाही की गई। जब्त मश्रुका में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के सात गट्ठे शामिल हैं।
इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी पीपलरावा एवं उनके स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


