इलेक्ट्रिक स्कूटर में भीषण आग, मचा हड़कंप
बालकनी से कूदकर बचाई जान, पास खड़ी गाड़ियां भी जलीं, बड़ा हादसा टला
देवास। शहर के मिश्रीलाल नगर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब घर के आंगन में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 4.50 बजे की है, जब ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में बिना चार्जिंग के ही अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे आंगन में धुआं फैल गया। जानकारी के अनुसार यह स्कूटर भाजपा नेता और देवास विकास प्राधिकरण के पूर्व संचालक विकास गिरी के घर के आंगन में खड़ी थी। रोज की तरह स्कूटर अन्य वाहनों के साथ पोर्च में खड़ी थी और उस समय चार्जिंग पर भी नहीं थी, बावजूद इसके अचानक उसमें आग लग गई। सुबह करीब 4.55 बजे विकास गिरी का भतीजा, जो रोजाना करीब 5 बजे उठता है, जाग गया और उसने आग देखी। उसने तुरंत पहली मंजिल पर सो रहे विकास गिरी को फोन कर जानकारी दी। आग तेजी से फैलने के कारण घर के मुख्य दरवाजे से बाहर निकलना संभव नहीं हो पाया। इसके बाद विकास गिरी ने तुरंत घर के सभी सदस्यों को जगाया और खुद सहित दो अन्य लोगों ने बालकनी से छलांग लगाकर नीचे पहुंचकर अपनी जान बचाई। उस समय घर में कुल 11 सदस्य मौजूद थे, जिनमें पांच नीचे और छह लोग पहली मंजिल पर सो रहे थे। घर में धुआं भरने से सभी घबरा गए थे, लेकिन समय रहते आग का पता चलने से बड़ा हादसा टल गया। आग की चपेट में आकर स्कूटर के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि दो अन्य गाड़ियों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग पर काबू पाया। परिजनों ने बताया कि इस घटना के संबंध में कंपनी से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके।


