ज्वेलर्स दुकान से चांदी की पायजेब चोरी करने वाली महिलाएं गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज से पहचान, 50 हजार रुपये की पायजेब बरामद
देवास। उदयनगर क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान से चांदी की पायजेब चोरी करने वाली दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई दो जोड़ी पायजेब, जिनकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है, बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिले में चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन और एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के निर्देशन में थाना प्रभारी उदयनगर उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
प्रकरण के अनुसार कृष्णा ज्वेलर्स उदयनगर के संचालक सोम पिता गजानंद छापरिया निवासी ग्राम बडुद थाना सनावद जिला खरगोन हाल मुकाम उदयनगर ने 17 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात महिलाएं दुकान पर आईं और चांदी की पायजेब देखने के बहाने दो जोड़ी पायजेब चोरी कर ले गईं। इस पर थाना उदयनगर में अपराध क्रमांक 57/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी महिलाएं वारदात के बाद जाते हुए दिखाई दीं। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों ने आरोपियों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने 3 अप्रैल 2026 को दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गुड़ी बाई पति विजय सिंह सिसोदिया निवासी भाड़ पिपलिया थाना बरोठा और कला बाई पति रमेश सिसोदिया निवासी भाड़ पिपलिया थाना बरोठा शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी गई पायजेब बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह सोलंकी, सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार निगम, महिला प्रधान आरक्षक कविता मुजाल्दे, पूनम, आरक्षक दीपक पटेल, महेंद्र, मनीष मीणा और केतन की सराहनीय भूमिका रही।


