देवास-इंदौर बस में महिला से छेड़छाड़, कंडक्टर पर केस दर्ज
मोबाइल नंबर के लिए दबाव, किराया लेने से इनकार, विरोध पर मारपीट का वीडियो वायरल
देवास। देवास से इंदौर जा रही एक बस में महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह हुई इस घटना में आरोप है कि बस कंडक्टर ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसका मोबाइल नंबर लेने के लिए दबाव बनाया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कंडक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने बताया कि वह इंदौर में महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत है और रोजाना देवास से बस के जरिए अप डाउन करती है। आरोप है कि कंडक्टर पिछले कुछ दिनों से उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। गुरुवार को बस में बैठने के बाद कंडक्टर ने उसे अपनी सीट के पास बैठाया और मोबाइल नंबर मांगते हुए निजी जानकारी लेने लगा। महिला के अनुसार जब उसने किराया देने की कोशिश की तो कंडक्टर ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और नंबर देने के लिए दबाव बनाया। उसने यह भी कहा कि इस बात की जानकारी वह अपने पति को न दे। महिला ने जब विरोध किया तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर कुछ लोगों और संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने कंडक्टर को बस से उतारकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बाद में कंडक्टर को कोतवाली थाने लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। पीड़ित महिला ने अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भौंसले कॉलोनी निवासी सरफराज नामक कंडक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ट्रैफिक विभाग के साथ बैठक कर सख्त चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। महिला ने अपने बयान में यह भी बताया कि आरोपी ने उसे पहले कंडक्टर सीट पर बैठाया और किराया लेने से इनकार करते हुए लगातार मोबाइल नंबर देने के लिए दबाव बनाता रहा। यहां तक कि उसने महिला से कहा कि वह उसके पति को जानता है और दोस्ती बढ़ाने की कोशिश भी की।


