————————-
( मोहन वर्मा – देवास )
देवास . सोशल मीडिया पर चल रहे देवास बन्द का आज कोई असर नही दिखाई दिया । सोशल मीडिया पर 10 अप्रैल को भारत बंद की ख़बरों के बीच देवास बंद करवाने की अफवाहों और सर्व समाज संगठन द्वारा ज्ञापन देने की ख़बरों के बीच सर्व समाज के कार्यकर्त्ता चामुंडा काम्प्लेक्स से एक जुलूस निकालकर कलेक्टोरेट पहुंचे जहाँ अपर कलेक्टर को एक ज्ञापन देकर यह मांग की गई कि आर्थिक आधार और योग्यता के आधार पर आरक्षण दिया जाये. इस सम्बन्ध में सर्व समाज के संयोजक ईश्वर सिंह राजपूत और अध्यक्ष रामलखन शर्मा ने एससी एसटी एक्ट पर न्यायालय की प्रक्रिया को उचित ठहराते हुए आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग की.
उल्लेखनीय है कि विगत 2 अप्रैल को हुए घट्नाक्रम के बाद जिले में धारा 144 लगाई गई है और सोशल मीडिया पर चल रहे मैसेज के अनुसार आज के संभावित बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन पुरी तरह से मुस्तैद था.हालाँकि सर्व समाज के बंद का कोई असर शहर के सामान्य कामकाज पर दिखाई नही दिया और ज्ञापन देने पहुंचे कार्यकर्ताओं से दुगना पुलिस फोर्स कलेक्टोरेट में मौजूद दिखाई दिया.इस बीच पुलिस अधीक्षक अंशुमानसिंह ने प्रेस से चर्चा करते हुए कहा कि विगत कुछ समय से चल रही गतिविधियों के मद्देनजर सभी धर्म और सम्प्रदायों के लोगों के साथ चर्चा कर उन्हें कहा गया है कि किसी भी तरह के धरने,जुलूस प्रदर्शन और ज्ञापन के पूर्व प्रशासन को विधिवत सूचना के साथ उसकी अनुमति लेना जरूरी है साथ ही सोशल मीडिया पर भी 144 लागू करते हुए सोशल मीडिया के दुरूपयोग को रोकने के लिए बार बार ये सूचना लोगो तक पहुंचाई गई है कि क़ानून और व्यवस्था को लेकर कोई ढील नहीं बरती जायेगी.

