देवास। स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में देश में देवास शहर को मिले 68 वें स्थान पर महापौर सुभाष शर्मा ने शहर की जनता को धन्यवाद देते हुए उनका आभार माना। महापौर ने कहा कि पूर्व में 2017 में देश में 400 शहरों के मध्य स्वच्छता को लेकर प्रतिस्पर्धा थी। इस बार संपूर्ण देश में 4042 बडे, छोटे शहर प्रतिस्पर्धा में शामिल थे। उसमें देवास शहर को पूरे देश में 68 वां स्थान मिला है। इसमें शहर की स्वच्छता बनाए रखने में शहरवासियों का भरपूर सहयोग मिला है। जिसमे सामाजिक संगठनों के साथ एम्बेसेडरों, मीडिया, होटल, रेस्टोरेंटों, गार्डन व्यवसायियों का योगदान भी सराहनीय रहा है। महापौर ने कहा कि प्रदेश में शहर को 13 वां स्थान मिला है। इस बार प्रदेश में 378 नगरीय निकाय शामिल थे। इसमें देवास शहर को 13 वां स्थान मिलना भी जनता की स्वच्छता के प्रति जागरूकता ही है।
महापौर ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों में आयुक्त विशालसिंह चौहान एवं उनकी टीम की भी सराहना की। जिनके द्वारा भी शहर की जनता को सफाई के प्रति रूचि जगाकर उन्हें शहर को स्वच्छ रखने का सहयोग दिया है।