(सफलता की कहानी)
देवास, 27 जुलाई 2020/ लगन और मेहनत से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। हाई सेकण्डरी स्कूल परीक्षा में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में देवास जिले के 03 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। हाई सेकण्डरी स्कूल परीक्षा परिणाम में देवास जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं ने परचम लहराया तथा प्रदेश की मेरिट में अपना स्थान बनाया। इन विद्यार्थियों में सेंट जॉन्स स्कूल चापड़ा की छात्रा प्रियांशी यादव ने वाणिज्य संकाय में 500 में 480 अंक प्राप्त कर प्रदेश में द्वितीय स्थान तथा सेंट जॉन्स स्कूल चापड़ा की ही छात्रा कृतिका भाटी ने 500 में से 477 अंक प्राप्त कर राज्य की मेरिट सूची में चौथा प्राप्त किया है। गणित संकाय में उत्कृष्ट विद्यलाय देवास के छात्र निखिल वर्मा द्वारा 500 में से 481 अंक प्राप्त कर राज्य की मेरिट सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है।
माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा घोषित हाई सेकण्डरी स्कूल परीक्षा परिणाम में देवास जिले का सकल परीक्षा परिणाम 74.02 प्रतिशत रहा। जिसमें बालकों का प्रतिशत 69.71 एवं बालिकाओं का परीक्षा परिणाम 79.27 प्रतिशत रहा है। देवास जिला प्रदेश में 16 वें स्थान पर एवं संभाग में 5 वें स्थान पर रहा।

