कंट्रोल रूम, वीडियो सर्विलांस टीम, स्टैटिक सर्विलांस टीम कक्षों का किया निरीक्षण
देवास 07 अक्टूबर 2020/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चन्द्रमौली शुक्ला चुनाव संबंधी समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लेने एसडीएम कार्यालय पहुँचे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शुक्ला ने निर्देश दिए कि हाटपीपल्या विधानसभा उपनिर्वाचन के लिए नाम निर्देशन संबंधी आवश्यक तैयारी समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएं। कलेक्टर श्री शुक्ला ने राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों तथा चुनावी कार्य में लगे अन्य अधिकारी, कर्मचारियों की सुविधा के दृष्टिगत अनुविभागीय कार्यालय में व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चन्द्रमौली शुक्ला ने हाटपीपल्या विधानसभा उप निर्वाचन हेतु बनाए गए कंट्रोल रूम, वीडियो सर्विलांस टीम, स्टैटिक सर्विलांस टीम आदि कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एडीएम श्री प्रकाश सिंह चौहान, एसडीएम श्री प्रदीप सोनी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन उपचुनाव की तिथि घोषित की जा चुकी है। जिसके साथ ही हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है। चुनाव से संबंधित नामांकन की प्रक्रिया अनुविभागीय अधिकारी देवास के कार्यालय में होगी। निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम अनुसार 09 अक्टूबर 2020 को निर्वाचन की अधिसूचना का प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करना शुरू किए जाएंगे।

