- सन्नौड़ में बरोठा मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मेलन
- कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी टिप्स
- बरोठा/देवास। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार सिर्फ एक इमारदार चेहरे सिंधिया के दम पर आई थी। सरकार बनने के बाद उनके साथ कांग्रेस ने गद्दारी की और कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाया। जब प्रदेश की समस्याओं को लेकर सिंधिया ने सड़क पर उतरने की बात कही तो कमलनाथ ने उनका अपमान किया। कांग्रेस को उसका अहंकार ले डूबा है। अब प्रदेश में शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में लगातार विकास होगा। यह बात भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और हाटपिपल्या विधानसभा चुनाव प्रभारी जीतू जिराती ने सन्नौड़ में बरोठा मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन में शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार, नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, देवास विधायक गायत्रीराजे पवार, पूर्व मंत्री दीपक जोशी सहित अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को चुनाव में कार्य करने के टिप्स दिए।
भाजपा प्रवक्ता शंभू अग्रवाल ने बताया कि कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ता उपस्थित हुए। सभी को वरिष्ठ नेताओं ने पूरी लगन और मेहनत से काम करने की सीख दी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने कहा कांग्रेस ने परिवार वाद के चलते पूरे देश का सम्मान दुनिया में घटाया। 2014 में देश में भाजपा की सरकार आने के बाद से दुनियाभर में भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का महत्व समझाते हुए भाजपा की जिस दौर में दो सीटें आई थी, तबसे लेकर पूर्ण बहुमत की सरकार आने तक की यात्रा को समझाया। जिराती ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने भाजपा को खड़ा करते-करते भारत को खड़ा कर दिया। कांग्रेस के पास नेतृत्व की क्षमता नहीं है। 15 महीने की सरकार में प्रदेश का हर वर्ग परेशान रहा। झूठ बोलकर सत्ता पाने वाली कांग्रेस ने अपने ही नेताओं की उपेक्षा की, जिसकी सजा उनको मिली।
हर किसान को मिलेगा उपज का सही दाम – परमार
विधानसभा प्रभारी एवं प्रदेश के शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दस दिन में कर्ज माफी की बात करने वाली कांग्रेस 15 महीने में भी कर्जमाफी नहीं कर पाई। इसके अलावा शिवराज सरकार की जनहितैषी योजनाओं को भी कमलनाथ की सरकार ने बंद कर दिया। दूसरी तरफ केंद्र की मोदी सरकार लगातार किसानों के हितों के लिए काम कर रही है। सरकार कृषि बिल लेकर आई है, जिसको लेकर कांग्रेस पूरे देश में भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। इस बिल से किसानों के हितों को संरक्षित करने का काम सरकार कर रही है। विपक्ष यह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है कि सरकार मंडियों को बंद कर रही है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर इस भ्रम को हटाना है और उन्हें समझाना है कि कृषि बिल से किसानों को अपनी उपज का सही दाम मिलेगा।
हर किसान को मिलेगी बीमा राशि- गायत्रीराजे पवार
सम्मेलन में देवास विधायक गायत्रीराजे पवार ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ शिवराज सरकार द्वारा पूर्ण किए गए कामों का लोकार्पण करने का काम 15 महीने तक किया। 15 माह की कमलनाथ सरकार ने विकास करने के बजाय शिवराज सरकार की संबल जैसी योजनाओं को बंद किया। सिंधिया जी ने जनता के काम नहीं होने पर अपने पद का त्याग किया, जिसके चलते कमलनाथ सरकार गिरी है। पूरे क्षेत्र में 15 माह की कांग्रेस सरकार के मुकाबले पिछले 6 माह की भाजपा सरकार में ज्यादा विकास कार्य हुए हैं। उन्होंन कहा कि किसानों की फसल नुकसानी को सरकार गंभीरता से लेती है और सभी किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने का काम सरकार करेगी। कोई भी किसान बीमा राशि से वंचित नहीं रहेगा।
सम्मेलन में भाजपा प्रत्याशी मनोज चौधरी, चुनाव संचालक सुरेश आर्य, नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, पूर्व मंत्री दीपक जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, जिपं अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, राजू बाई चौधरी, नारायण सिंह चौधरी, सन्नौड़ सरपंच कपूर पटेल आदि ने भी संबोधित किया। मंडल अध्यक्ष जगदीश चौधरी ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन राहुल पटेल ने किया। आभार अभय जोनवाल ने माना। कार्यक्रम में संभागीय संगठन प्रभारी विजय दुबे, जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप पांडे, बहादुर मुकाती, ईश्वरसिंह बरखेड़ी, पृथ्वीराजसिंह रजापुर, छतरसिंह केलवा, राजेश यादव, विस्तारक स्वप्निल गौड़, अजा मोर्चा जिला प्रभारी नीतेष खांडेकर कई नेता मंचासीन थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बरोठा मंडल के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कई गांवों में किया जनसंपर्क
कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद भाजपा प्रत्याशी मनोज चौधरी एवं सभी वरिष्ठ नेताओं ने कई गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान सन्नौड़, गुराड़िया भील, भानगढ, राजोदा, बालोदा, लसुड़िया छत्रधार सहित अन्य गांव में जनसंपर्क किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्र के कई कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान आज मिलेंगे कार्यकर्ताओं से
देवास। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान आज सुबह 11 बजे शिप्रा मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन लोहारपिपल्या के मुकाती वेयर हाउस पर होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने बताया कि कार्यकर्ता सम्मेलन में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, शिप्रा मंडल के सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ता, पन्ना प्रमुख एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।