देवास जिले के ग्राम जामगोद में महिलाओं के लिए विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

देवास, 11 अक्‍टूबर 2020/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास योगेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं शमरोज खान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास के निर्देशन में महिलाओं से संबंधित कानून और मुद्दों के संबंध में जागरूकता एवं महिलाओं को सशक्त किये जाने हेतु राष्ट्रीय महिला आयोग के समन्वय से ग्राम जामगोद में ग्रामीण महिलाओं के लिए विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
योगेश कुमार गुप्ता जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास द्वारा शिविर का शुभारंभ मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर योगेश कुमार गुप्ता जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा महिलाओं से संबंधित कानूनों, महिलाओं के संवैधानिक अधिकार, पारिवारिक कानून, भरण-पोषण, महिलाओं को संपत्ति में अधिकार के बारे में बताया गया एवं शिविर स्थल में वृक्षारोपण कर उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रिसोर्स पर्सन श्रीमती पद्मा आचार्य एवं सुश्री नीलिमा राय अधिवक्ता ने उपस्थित महिलाओं को महिलाओं से संबंधित कानून, विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय महिला आयोग की भूमिका, महिलाओं के संवैधानिक अधिकार, पारिवारिक कानून, विवाह और तलाक, भरण-पोषण, महिलाओं को संपत्ति में अधिकार, दहेज हत्या, एसिड अटैक, घरेलू हिंसा, पास्‍को अधिनियम, यौन उत्पीड़न, श्रम कानून, महिलाओं के स्वास्थ्य अधिकार, अभिरक्षा में महिलाओं के अधिकार एवं महिलाओं से संबंधित अन्य कानूनी जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया। शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाकर महिलाओं से संबंधित समस्याओं के संबंध में समझाईश दी गई।
शिविर में कोविड-19 की गाईडलाईन का विशेष तौर पर ध्यान रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग, सेनेटाईजर, मास्क, कॉन्टेक्टलेस थर्मामीटर, ऑक्सीमीटर की व्यवस्था की गई एवं शिविर स्थल को सेनेटाइज करवाया गया। शिविर में उपस्थित प्रत्येक आगंतुक से कोविड-19 गाईडलाइन का पालन करवाया गया।
शिविर में योगेश कुमार गुप्ता जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास, शमरोज खान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास, विष्णु कुमार सोनी पंचम अपर जिला न्यायाधीश, सुश्री शक्ति रावत जिला विधिक सहायता अधिकारी, श्रीमती रेलम बघेल महिला एवं बाल विकास अधिकारी, रिसोर्स पर्सन श्रीमती पद्मा आचार्य, श्रीमती नीलिमा राय, श्रीमती गीता ठाकुर प्रशासक वन स्टॉप सेंटर देवास, श्रीमती सीमा सिकरवार सुपरवाईजर महिला एवं बाल विकास विभाग, हरिकिशोर शर्मा, श्रीमती डिंपल शर्मा एवं श्रीमती सरिता राजपूत पैरालीगल वालेंटियर एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थे।

Post Author: Vijendra Upadhyay