- भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा : भाजपा का नाम लिखकर फर्जी सर्वे करने वालों पर कार्यवाही करवाई जाएगी
देवास। पिछले कुछ दिनों से देवास शहर में सोशल मीडिया पर पार्षद व महापौर को लेकर ऑनलाइन सर्वे की बाढ़ सी आई हुई है। इनमें कुछ दावेदार व उनके समर्थक अति उत्साह में नजर आ रहे है। इसी के चलते कुछ पार्षद दावेदार फर्जी काम करने से भी पीछे नहीं हट रहे है और भाजपा का अधिकृत सर्वे बताकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे है। इस मामले से जब भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल को अवगत कराया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा द्वारा कोई ऑनलाइन सर्वे नहीं कराया जा रहा है, जो भी पार्टी का नाम लेकर सर्वे चल रहे है, वह फर्जीवाड़ा है। सर्वे को लेकर अभी कोई गाइड लाइन प्रदेश आलाकमान से नहीं आई है। खण्डेलवाल ने बताया कि कार्यकर्ता व आमजन इस तरह के सर्वे के चक्कर में ना पड़े। बताया जा रहा है कि देवास में कुछ लोग आर्थिक लाभ कमाने के लिए भी फर्जी सर्वे कर रहे है। उधर भाजपा भी इस तरह के फर्जी सर्वे को लेकर गंभीर हो गई है और जल्द ही पुलिस अधीक्षक व साइबर सेल को इस बारे में कार्यवाही करने के लिए पत्र लिख सकती है।