देवास 30 दिसम्बर 2020/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर प्रदेश में माफिया मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ड्रग्स माफिया, भू माफिया, मिलावटखोर, सूदखोर तथा अन्य अपराधों में संलप्ति लोगों पर शिकंजा कसने के लिए कार्यवाही की जा रही है। इस अभियान के तहत प्रदेश भर में अवैध रूप से निर्मित मकानों एवं अन्य स्थलों को हटाने कार्यवाही की जा रही है।
देवास जिले में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा अवैध रूप से निर्मित मकानों व अन्य स्थानों को हटाने की निरन्तर कार्यवाही की जा रही है। आज जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम की टीम द्वारा देवास की महाकाल कॉलोनी में स्थित भगवान सिंह राजपूत के मकान को तोड़ने की कार्रवाई की गई।
अपर कलेक्टर प्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि महाकाल कालोनी निवासी भगवान सिंह ने अवैध रूप से मकान निर्मित कर रखा था, जिसे नगर निगम व जिला प्रशासन द्वारा तोड़ा गया। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति गांजा सहित अन्य गतिविधियों में लिप्त हैं। उन्होंने बताया कि देवास जिले में जहां कही भी अवैध रूप से निर्माण किया गया है उस पर कार्यवाही जारी रहेगी। आज की गई कार्रवाई के दौरान सीएसपी विवेक सिंह सहित पुलिस विभाग का अमला तथा नगर निगम अमले के साथ अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।