सांसद, कलेक्टर, निगम आयुक्त व भाजपा जिलाध्यक्ष नहीं पहुंचे
देवास। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के जन्मदिवस पर शनिवार को शहर में कई आयोजन किए गए, जिसमें एक वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम भी रखा गया। इसके बाद सुबह करीब साढ़े 9 बजे उज्जैन रोड पर नगर निगम द्वारा निर्मित गार्वेज ट्रांसफर स्टेशन का भी लोकार्पण होना था, जिसमें अतिथि के रूप में सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी, विधायक गायत्रीराजे पवार, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल व पूर्व सभापति अंसार अहमद उपस्थित होना थे।
साथ ही इस कार्यक्रम के आयोजक निगम प्रशासक व कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला व निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान थे। निर्धारित समय सुबह साढ़े 9 बजे विधायक पवार व पूर्व महापौर सुभाष शर्मा कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए, किंतु न तो वहां पर कलेक्टर व निगम आयुक्त थे और ना ही सांसद, भाजपा जिलाध्यक्ष व पूर्व सभापति पहुंचे। कुछ देर इंतजार करने के बाद विधायक ने वहां पर मौजूद उपयंत्री जितेंद्र सिसौदिया व सौरभ त्रिपाठी को तलब करते हुए कहा कि जब अधिकारी इतने व्यस्त थे तो कार्यक्रम क्यों तय किया गया?, बाद में रख लेते।
उन्होंने इस पर काफी नाराजगी व्यक्त की कि कार्यक्रम में अन्य अतिथि व आयोजक अधिकारी भी नहीं पहुंचे। हालांकि उन्होंने गार्वेज स्टेशन का लोकार्पण किया और वहां से रवाना हो गई। हालांकि अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर निगम अधिकारियों का कहना है कि ट्रेचिंग ग्राउंड पर पौधारोपण कार्यक्रम वृहद स्तर पर किया गया था, जिसमें कलेक्टर, आयुक्त व्यस्त थे, इस कारण समय पर नहीं पहुंच पाए।


