देवास। शहरवासियों ने शुक्रवार को राधा-कृष्ण संग होली खेली। यह होली इतनी अनूठी थी कि चारों और फूलों की सुगंध बिखरी। वृंदावन का नजारा देवास में नजर आया और भजनों की धुन में उपस्थितजन मुग्ध होकर झूमने लगे। इस अनूठे फाग उत्सव का आयोजन किया संस्था सिद्धिविनायक ने जिसमें हजारों लोग उमड़े। महिलाओं की संख्या अधिक रही और देर रात तक झूमते रहे। देवास खेलेगा राधाकृष्ण संग होली की थीम पर हुए आकर्षक फाग उत्सव के आयोजन में विधायक गायत्रीराजे पवार भी शामिल हुईं। उन्होंने संस्था के आयोजन और कार्यकलापों की प्रशंसा कर बधाई दी। ख्यात भजन गायक द्वारका मंत्री भजनों की प्रस्तुति दी।
वृंदावन के कलाकारों ने रासलीला का मंचन किया। सेंसर आधारित आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। डॉल्बी साउंड सिस्टम के साथ मेगा एलईडी पर विशेष प्रसारण किया। सबसे आकर्षक मयूर नृत्य रहा, जिसमें महिलाएं जमकर थिरकी और फाग उत्सव का आनंद लिया। राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी ने सबका मन मोहा और राधा-कृष्ण के साथ उपस्थित लोगों ने होली खेली। संस्था के सदस्यों ने कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था संभाली। अंत में संस्था सिद्धि विनायक के संयोजक रवि जैन ने उपस्थितजनों का आभार माना ।
