मन को स्थिर करने के लिए नाम जप की आवश्यकता है, जप से मन की मलिनता दूर हो जाती है- जया किशोरी जी

देवास। किसी भी मंत्र का जाप करो तो सांसारिक विषयों के संग से बिगड़ा हुआ व्यक्ति ईश्वर के ध्यान से सुधर सकता है। श्रीमद्भागवत के हर प्रसंग में श्री हरि के नाम स्मरण की महिमा का वर्णन है जो भी महान भक्त हुए हैं वे प्रभु के नाम जप के कारण ही ईश्वर के प्रिय हुए है। मन को स्थिर करने के लिए प्रभु का नाम स्मरण करें। इस युग में सबसे बड़ा और सबसे सरल मंत्र है हरे कृष्णा-हरे रामा। इस मंत्र का जाप महादेव भाी करते हैं। यह नाम जब आपके मन की मलिनता को दूर कर सकता है। यह आध्यात्मिक विचार पुलिस ग्राउंड पर माँ गंगा जन कल्याण समिति द्वारा हो रही श्रीमद्भागवत कथा में भागवताचार्या जया किशोरी जी ने भागवत प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहें। आपने जड़ भरत की कथा का चित्रण करते हुए कहा कि जो व्यक्ति जितना मीठा बोलता है उससे बचकर रहना चाहिए। अगर आप उससे भली-भांति जानते हो, उसके आचार और विचारों से परिचित हैं तो उसके मीठे बोल पर कभी भी मत आना। क्योंकि वह आपको कब बलि का बकरा बना लेगा पता भी नहीं चलेगा।  आज की पढ़ाई सिर्फ परीक्षा में सफल होने के लिए है। पढ़ाई और शिक्षा में यही अंतर है। पढ़ाई सफलता के लिए की जाती है और शिक्षा जीवन को सफल बनाने के लिए ली जाती है। संस्कारयुक्त एवं सनातन परंपरा से जुड़ी हुई शिक्षा विद्यार्थियों को श्रेष्ठ मनुष्य बनाती है और श्रेष्ठ मनुष्य ही श्रेष्ठ राष्ट्र का निर्माण करते है। आपने भगवान के नर्सिंग अवतार का वर्णन करते हुए भक्त प्रहलाद की प्रभु के प्रति भक्ति का बहुत ही सुंदर वर्णन किया। आपने कहा कि भगवान भक्त के प्रेम के वश में रहते है। उसी के उद्धार के लिए वो किसी न किसी रूप में इस धरती पर अवतरित होते है। हमारी धरती मृत्यु लोक है। यह जो आया है उसकी मृत्यु सुनिश्चित हुई है। प्रभु ने मनुष्य रूप में जन्म लिया, परंतु उनकी मृत्यु सुनिश्चित हुई है। मृत्यु से भक्त कभी नही डरते, क्योंकि भगवान की भक्ति मृत्यु के भय से मुक्त करती है।

आरती के प्रमुख यजमान मानसिंह भाटी, जुगल पटेल, नरेन्द्र सोलंकी, मुकेश चौधरी, महेश श्रीवास्तव, रघुसिंह दरबार, कृष्णराव पारखे ने व्यासपीठ की पूजन की। इस अवसर पर बतौर अतिथि जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, वरिष्ठ नेता जयप्रकाश शास्त्री, पूर्व महापौर रेखा वर्मा, पार्षद संजय कहार, विश्वजीत सिंह चौहान, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष अनिल गोस्वामी, राष्ट्रीय सचिव मनीष चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष दीपेश कानूनगो, चंद्रपाल सिंह सोलंकी, राजेश जायसवाल, दिनेश वर्मा उपस्थित थे। समिति के रोहित गोस्वामी ने अतिथियों का स्वागत किया। समिति के प्रमुख महंत गंगापुत्र महंत कमलपुरी गोस्वामी ने बताया कि भारत माता के मंदिर के निर्माण के लिए समिति सभी जनता से सहयोग की अपील करती है, ताकि हम वीर जवानों की शहादतों के स्मरण के लिए देवास में एक मंदिर का निर्माण कर सके। एसडीएम प्रदीप सोनी ने जया किशोरी जी को टेकरी पर माता जी के दर्शन के लिए न्यौता दिया। एसडीएम श्री सोनी का सम्मान समिति के रोहित गोस्वामी एवं पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिलराज सिंह सिकरवार ने किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में महिला एवं पुरूष उपस्थित थे। जया किशोरी जी के मधुर भजनों के साथ श्रोताओं ने जमकर नृत्य किया। मीडिया प्रभारी चेतन उपाध्याय ने बताया कि जया किशोरी जी ने आज दोपहर 3 बजे के पूर्व ही कथा प्रारंभ करने की घोषणा की तथा सभी धर्मप्रेमी भक्तों से समय से पूर्व कथा श्रवण करने के लिए आने का आग्रह किया। 

Post Author: Vijendra Upadhyay