परिसर में बैठने वाले नोटरी वकील, स्टाम्प वेंडर व टाइपिस्टों को खोजना पड़ रही नई जगह
देवास। कलेक्ट्रेट परिसर में नए भवन का निर्माण होने जा रहा है, जिसमें सभी कार्यालय एक ही छत के नीचे करने की योजना है और इसी के चलते नए भवन निर्माण की एजेंसी फिक्स होने के बाद ठेकेदार द्वारा परिसर में स्थित पुराने भवन को तोडऩे का कार्य चार दिन पूर्व प्रारंभ हो गया है और इस कार्य ने अब तेजी पकड़ ली है। साथ ही जनपद पंचायत भवन को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया है।
गुरुवार को नोटरी वकीलों के लिए बैठने के लिए बनाए गए शेड को भी हटा दिया गया। इसी के साथ यहां पर बैठे नोटरी वकील, टाइपिस्ट व स्टाम्प वेंडरों ने भी अपने-अपने हिसाब से नई जगह खोजना शुरु कर दी है। कुछ लोग आसपास के मार्केट में किराये की दुकानों में चले गए है, तो कुछ अभी भी परिसर में ही इधर-उधर मशक्कत कर रहे है। हालांकि धीरे-धीरे कलेक्ट्रेट परिसर में सभी भवन जमींदोज होना है और नए भवन का निर्माण होना है। लिहाजा अब यहां पर किसी का बैठना मुश्किल होगा, इसीलिए अब सभी को कलेक्ट्रेट परिसर मुक्त करना होगा। बताया जा रहा है कि नया कलेक्ट्रेट भवन लगभग तीन वर्ष में बनकर पूर्ण होगा और इस परिसर में व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा।


