जिले के नागरिक आपसी सदभाव व शांति बनाये रखते हुए त्यौहारों को मिलजुलकर मनायें – कलेक्टर श्री शुक्ला
————-
त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था व शांति बनाये रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किये जायेंगे – एसपी डॉ. सिंह
————
जिले के नागरिकों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करें
————-
सोशल मीडिया अकाउंट पर तिरंगे की फोटो लगाये और दुसरों को भी फोटो लगाने के लिए प्रोत्साहित करें
—————-
अंकुर अभियान में पौधारोपण कर वायुदूत एप पर फोटो अपलोड करें
————
देवास 04 अगस्त 2022/ आगामी त्योहारों मोर्हरम, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेश उत्सव, डोल ग्यारस सहित अन्य त्यौहारों और जयंती के लिए आवश्यक विचार-विमर्श के लिए शांति समिति की बैठक कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई।
कलेक्टर शुक्ला ने जिला स्तरीय शांति समिति बैठक मे कहा कि जिले के नागरिक आगामी समय में मनाये जाने वाले मोर्हरम, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेश उत्सव, डोल ग्यारस, आदि त्यौहार आपसी भाईचारे तथा सौहार्द्रता पूर्ण शांतिपूर्वक मनाये। जिले की अमन चैन की परंपरा को आगे भी कायम रखे। मिट्टी की मूर्ति की स्थापना करे तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग प्रदान करे।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि जिले में सभी नागरिक आपसी सदभाव व शांति बनाये रखते हुए त्यौहारों को मिलजुलकर मनायें और देवास के परस्पर सदभाव की परंपरा को आगे भी बनायें रखें। उन्होंने कहा कि अभी तक जितने भी आयोजन हुए हैं जिले के नागरिकों के सहयोग से ही जिला प्रशासन निर्विघ्न व शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने में सफल रहा है।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि शांति समिति की बैठक में सदस्यों द्वारा जो सुझाव दिये गये हैं, उनको नोट किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा सुझावों पर विचार कर सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायेंगी। जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन त्यौहारों पर अपनी ओर से तो व्यवस्था करेगा ही, हम सब समिति के सदस्य भी पर्वों के दौरान बाहर आकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सहयोग करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस को सहयोग करे। हम सभी को जिम्मेदारी पूर्वक त्योहार मनाना है। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के माकूल प्रबंध किये जायेगे तथा पुलिस बलों की तैनाती की जायेगी। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था व शांति बनाये रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किये जायेंगे। सभी नागरिक भाईचारे की भावना से त्यौहार मनायें। देवास जिला शांति प्रिय जिला है और पुलिस प्रशासन को नागरिकों का हर समय सहयोग मिलता रहा है। कोई भी व्यक्ति जुलूस/आखाडा में हथियार का प्रदर्शन नहीं करेगा। जिस स्थान से जुलूस निकलेगा वहां पर सीसीटीवी कैमरो से निगरानी की जायेगी। सोशल मीडिया पर भडकाउ बयान और आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में त्यौहारों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में अवगत कराया। विद्युत वितरण कंपनी पर्वों व त्यौहारों पर निरंतर विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। नगर निगम को साफ सफाई की व्यवस्था, प्रकाश व पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिये गये। त्यौहारों पर डीजे आदि निर्धारित डेसीबल ध्वनि में ही बजाने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड, चिकित्सकों एवं स्टॉफ व एम्बुलेंस की ड्यूटी आदि लगाने के निर्देश दिये गये। मूर्तियों का विसर्जन कालूखेड़ी तालाब में होगा। विसर्जन के दौरान होमगार्ड के तैराकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये गये।
कलेक्टर श्री चन्द्रमौली शुक्ला ने कहा कि जिले में ‘’हर घर तिरंगा अभियान’’ में 13 से 15 अगस्त तक जिले के प्रत्येक घर और संस्थानों में तिरंगा लगाया जायेगा। आप सभी भी अपने स्तर से जिले के नागरिकों को तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करें। सोशल मीडिया अकाउंट पर तिरंगे की फोटो लगाये और दुसरों को भी फोटो लगाने के लिए प्रोत्साहित करें। भारत सरकार द्वारा www.harghartiranga.com वेबसाइट निर्मित की गई है। इस पर अपने घर, दुकान, संस्थान आदि की लोकेशन पर तिरंगा को पिन करने वाले हर व्यक्ति को संस्कृति मंत्रालय की तरफ से प्रमाण पत्र दिया जायेगा। जिले के सभी नागरिक प्रमाण पत्र को सोशल मीडिया पर अपलोड करें। वेबसाइट पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी अपलोड करने पर वेबसाइट के होम पेज पर फोटो प्रदर्शित की जायेगी।
कलेक्टर शुक्ला ने कहा कि जिले के नागरिकों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों से प्रतिदिन झण्डा उतारने की आवश्यकता नहीं है। शासकीय कार्यालयों में सूर्योदय पर झण्डा फहराया जायेगा और सूर्यास्त के पहले झण्डा उतारा जाना आवश्यक है। कलेक्टर श्री शुक्ला ने आग्रह किया है कि आज़ादी के अमृत महोत्सव पर ‘’हर घर तिरंगा अभियान’’ में जिले के सभी नागरिक शामिल हो।
कलेक्टर श्री चन्द्रमौली शुक्ला ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता लाकर देशभक्ति की भावना जागृत करना और अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को स्वयं क्रय कर फहराने के लिए प्रेरित करना है। आजादी के 75वें वर्ष में अमृत महोत्सव में 13 से 15 अगस्त को देवास जिले में 3 लाख 26 हजार 423 घरों में ‘’हर घर तिरंगा अभियान’’ में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जायेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 959 झण्डा विक्रय केन्द्र बनाये गये है तथा शहरी क्षेत्र में समस्त शासकीय कार्यालय/संस्थान के रूप में 115 झण्डा विक्रय केन्द्र बनाये गये है।
कलेक्टर श्री चन्द्रमौली शुक्ला ने कहा कि ‘’हर घर तिरंगा अभियान’’ में जिले में विकासखण्ड स्तर पर 13 से 15 अगस्त तक सांस्कृति कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें 75 कलाकार अपनी प्रतिभा दिखायेंगे।
कलेक्टर श्री चन्द्रमौली शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अंकुर अभियान में पौधारोपण किया जा रहा है। आप सभी भी पौधे लगाए और पौधे के साथ वायुदूत एप पर फोटो अपलोड करें। जिले के नागरिकों को भी आप पौधे लगाने और फोटो वायुदूत एप अपलोड करने के लिए प्रेरित करें। जिले में 13 से 15 अगस्त तक अंकुर अभियान के तहत जिले में प्रत्येक वार्ड और ग्राम पंचायतों में 75 पौधे लगाये जायेंगे।
बैठक में अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, राजेश यादव, शहर काजी नोमान अहमद अशरफी, शहर काजी अबुल कलाम फारूकी, गुरूचरणसिंह सलूजा, अनिल सिकरवार, श्रीकान्त उपाध्याय, विजेन्द्र उपाध्याय सहित शांति समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

