सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी के छात्र-छात्राओं को मिला विज्ञान मंथन यात्रा का मौका
देवास। नगर के मेधावी विद्यार्थियों का विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में नित्य नए कीर्तिमानों का दौर निरंतर जारी है। इसी श्रृंखला में पूरे मध्यप्रदेश से विद्यार्थियों का चयन अप्रैल माह में होने वाली 7 दिवसीय विज्ञान मंथन यात्रा में किया गया है। जिसमें देवास नगर से चयनित होने वाले सभी विद्यार्थी सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी के मेधावी छात्र-छात्रा है, जिनका चयन विज्ञान मंथन यात्रा के लिए हुआ है जिसमें कक्षा 10वीं की छात्रा कु. अनुष्का सिंह, कु. नंदिता चौरे, कु. तनिष्का मेहता एवं कक्षा 11वीं की कु. काव्या श्रीवास्तव एवं विधान पंवार का चयन 2024-25 में आयोजित होने वाली विज्ञान मंथन यात्रा के लिए हुआ है।
विज्ञान मंथन यात्रा में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाली शिक्षिका ज्योति शर्मा ने बताया कि शासकीय मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को वैज्ञानिक शोध और अनुसंधान के क्षेत्र में भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष विज्ञान मंथन यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस 7 दिवसीय यात्रा के लिए पूरे मध्यप्रदेश से विज्ञान विषय के मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन प्रतियोगिता के माध्यम से किया जाता है। जिसमें प्रदेश के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रयोगशालाओं एवं शोध संस्थानों के प्रत्यक्ष अवलोकन के साथ विश्व प्रसिद्ध विख्यात वैज्ञानिकों के साथ संवाद का अद्वितीय अवसर प्रदान किया जाता है।
इस वर्ष योजनानुसार चयनित विद्यार्थियों को 7 दिवसीय इस यात्रा में दिल्ली और चंडीगढ़ के राष्ट्रीय स्तर की प्रयोगशालाओं और शोध एवं अनुसंधान संस्थानों के भ्रमण और प्रमुख वैज्ञानिकों से विज्ञान संबंधी जिज्ञासा के बारे में सीधे संवाद का अवसर प्राप्त होगा और विज्ञान संबंधी सामग्री भी प्रदान की जाएगी।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीतासिंह एवं निदेशक श्री चरनजीत सिंह अरोरा व सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त कर चयनित विद्यार्थियों को इस विज्ञान मंथन यात्रा के लिए शुभकामनाए प्रेषित की।