एबी रोड फ्लाय ओव्हर 23 अप्रैल से होगा चालू

एबी रोड फ्लाय ओव्हर 23 अप्रैल से होगा चालू

यातायात सुरक्षा उपायों के साथ होगा सुचारू संचालन

देवास। शहरवासियों के लिए एक राहतभरी खबर सामने आई है। लंबे समय से अस्थाई रूप से बंद चल रहा रामनगर से बावडिया (सनसिटी) तक का फ्लाय ओव्हर 23 अप्रैल 2025, बुधवार से पुनः यातायात के लिए पूर्णतः चालू किया जा रहा है। यह निर्णय पीडब्ल्यूडी ब्रिज विभाग द्वारा लिया गया है और इसकी पुष्टि विभाग के कार्यपालन यंत्री ने की है।

फ्लाय ओव्हर पर विगत समय में लगातार दुर्घटनाएँ हो रही थीं, जिससे जन-धन की हानि की आशंका बनी रहती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए फ्लाय ओव्हर को अस्थाई रूप से बंद कर उस पर आवश्यक सुधार कार्य करने का प्रस्ताव पारित किया गया। समिति के निर्देशानुसार सबसे पहले फ्लाय ओव्हर पर डिवाइडर बनाए जाने की कार्रवाई की गई, ताकि वाहनों की टक्कर की संभावना को कम किया जा सके। इसके अलावा दुर्घटनाओं की तकनीकी जांच और समाधान के लिए मेनिट भोपाल से विशेषज्ञों की राय भी ली गई। उनकी अनुशंसा के अनुसार, फ्लाय ओव्हर पर यातायात की संरचना, संकेतक, सुरक्षा उपाय एवं लाइन मार्किंग जैसे कार्य कराए जा रहे हैं।

अब ये सभी कार्य लगभग पूर्णता की ओर हैं, और प्रशासन का दावा है कि 23 अप्रैल को इसे आम नागरिकों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। इस फ्लाय ओव्हर के चालू हो जाने से न केवल रामनगर और बावडिया (सनसिटी) के बीच की दूरी तय करना आसान होगा, बल्कि शहर के भीतर यातायात का दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा।

 

Post Author: Vijendra Upadhyay