विजयादशमी पर देवास के संचलन में 100 से अधिक वाहिनियां रहेंगी

विजयादशमी पर देवास के संचलन में 100 से अधिक वाहिनियां रहेंगी

शताब्दी वर्ष पर संचलन में 32 बस्तियों में हजारों स्वयंसेवक सहभागी होंगे

देवास। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा देवास नगर में श्री विजयादशमी उत्सव पर प्रतिवर्ष निकाला जाने वाला पारंपरिक पथ संचलन इस वर्ष 2 अक्टूबर गुरुवार को दशहरा मैदान पुलिस लाइन से निकाला जाएगा।  इस विजयदशमी उत्सव में मुख्य अतिथि प्रसिद्ध शल्य चिकित्सक डॉ श्री गिरीश जी मालवीय एवं मुख्य वक्ता मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक श्री स्वप्निल जी कुलकर्णी रहेंगे। इस वर्ष संघ स्थापना के सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं, संघ के शताब्दी वर्ष के आयोजन इस विजयादशमी उत्सव से प्रारंभ होंगे। देवास नगर के इस पथसंचलन का स्वरूप इस वर्ष विराट रहने वाला है, विगत कुछ वर्षों से देवास नगर में संचलन बस्तीश: निकाले जाते रहे है, इस वर्ष पूरे देवास नगर का एक ही संचलन निकलेगा जिसमें सभी 32 बस्तियों के हजारों स्वयंसेवक सम्मलित होंगे। ध्वज वाहिनी,घोष वाहिनीयों सहित सौ से अधिक वाहिनियो में हजारों स्वयंसेवकों का यह संचलन चार किलोमीटर से अधिक लंबा रहने वाला है जो नगर के प्रमुख मार्गों को तय करेगा।

संचलन मार्ग

संचलन पुलिस लाइन दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर वर्तमान मीना बाजार के पास से राधागंज के बी.एन.पी.रोड से राम-कृष्ण चौराहा होते हुए भोपाल चौराहा,नाहर दरवाजा,नयापुरा,जनता बैंक,सुभाष चौक,नावेल्टी चौराहा, तहसील चौराहा,नगर निगम कार्यालय, लाल गेट से स्टेशन रोड की ओर मुड़कर गजरा गियर चौराहा,गायत्री मंदिर से पुनः पुलिस लाइन दशहरा मैदान पहुंचेगा।

शताब्दी वर्ष पर निकलने वाला यह संचलन पंच परिवर्तन के विषयों सामाजिक समरसता,कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण,नागरिक कर्तव्य एवं स्व के भाव के जागरण पर केंद्रित रहेगा। इस हेतु कार्यक्रम स्थल पर गो उत्पाद,स्वदेशी उत्पाद एवं राष्ट्रीय साहित्य के अस्थाई विक्रय केंद्र भी लगाएं जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर संघ के १०० वर्षों की यात्रा,सेवा कार्य सहित अन्य विषयों की एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस संचलन की तैयारी हेतु नगर के स्वयंसेवक शाखा के अतिरिक्त प्रतिदिन 5 से 6 घंटे दे रहे हैं. स्वयंसेवक टोली में प्रत्येक मोहल्लों में घर-घर जाकर संचलन में सहभागी होने का आग्रह कर रहे हैं।

जिले के आठ अन्य स्थानों पर भी विजयादशमी पर नगर एवं मंडल संचलन निकलेंगे

इसी प्रकार 2 अक्टूबर को देवास जिले के हाटपिपल्या,पिपलरवा,टोंकखुर्द में नगर संचलन के साथ ही डेरिया साहू, गन्धर्वपूरी,सादिखेड़ा एवं क्षिप्रा मंडलों के मंडल संचलन निकलेंगे। सोनकच्छ नगर में बाल संचलन भी विजयादशमी के दिन ही निकलेगा,जिसमें छोटे छोटे बच्चे सहभागी होंगे।

Post Author: Vijendra Upadhyay