3 माह में 78 बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये की सायबर ठगी

3 माह में 78 बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये की सायबर ठगी

लगभग 7.5 करोड़ आंशिक रुपये का लेन–देन सामने आया

खाते खरीदने के उपरांत उनका प्रयोग सायबर फ्रॉड की ठगी राशि के हस्तांतरण में मदद करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश

देवास। ऑपरेशन सायबर के अंतर्गत कोतवाली पुलिस को सायबर ठगी के एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। स्थानीय जनता को प्रलोभन देकर उनके बैंक खाते खरीदने और उन खातों का उपयोग सायबर फ्रॉड की ठगी राशि के हस्तांतरण में करने वाले इस गिरोह द्वारा मात्र तीन माह की अवधि में 78 बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया। जांच में लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये के आंशिक लेनदेन का खुलासा हुआ है। इस मामले में कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एनसीआरपी पोर्टल पर की गई सतत मॉनिटरिंग से पुलिस को अहम सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिसके आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 897 वर्ष 2025 धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

थाना कोतवाली देवास पर फरियादी रवि पिता अशोक चौहान उम्र 38 वर्ष निवासी 31 बटा 1 भवानी सागर देवास हाल मुकाम गोपाल नगर इटावा जिला देवास ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उसके नाम से खुलवाए गए बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक एवं चेकबुक का धोखाधड़ीपूर्वक दुरुपयोग किया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए देवास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सायबर के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली श्री श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में तथा जिला सायबर सेल की सहायता से विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए सायबर गिरोह का पर्दाफाश कर कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी स्थानीय लोगों से कुछ रुपये देकर उनके बैंक खाते प्राप्त करते थे और इन खातों का उपयोग देश के विभिन्न क्षेत्रों में हुई सायबर ठगी की राशि के लेनदेन के लिए किया जाता था। संबंधित बैंकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 78 बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है। अन्य राज्यों के आवेदकों द्वारा भी इन खातों को लेकर एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायतें दर्ज की गई हैं। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली देवास में विधिवत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

तरीका ए वारदात

आरोपी इरशाद और आसिम द्वारा स्थानीय जनता को प्रलोभन देकर युको बैंक एवं बैंक ऑफ महाराष्ट्र में नए खाते खुलवाए जाते थे। खाता खुलवाने के बाद खाताधारकों से पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम प्राप्त कर इन्हें आरोपी अकबर और हर्ष को बेचा जाता था। अकबर और हर्ष द्वारा बायनेंस और बायबिट एप्लिकेशन के माध्यम से डिजिटल करेंसी खरीदी जाती थी, जिसे बाद में टेलीग्राम के जरिए सायबर ठगों को महंगे दामों पर बेचा जाता था। सायबर ठगों से प्राप्त बड़ी धनराशि देवास से खरीदे गए इन खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी। अकबर और हर्ष को यह भलीभांति जानकारी थी कि बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर डिजिटल करेंसी खरीदने वाले लोग सायबर ठगी की राशि का उपयोग करते हैं, इसलिए खाते होल्ड होने से पहले ही यह गिरोह राशि ट्रांसफर होते ही तत्काल नकद आहरण कर लेता था। इसी कारण गिरोह ने अधिकांश खाते बैंक ऑफ महाराष्ट्र और युको बैंक में खुलवाए, क्योंकि इन बैंकों में प्रतिदिन की निकासी सीमा अन्य बैंकों की तुलना में अधिक थी।

गिरफ्तार आरोपी

ठगी करने वाले आरोपियों में मो. इरशाद पिता असलम शेख उम्र 35 वर्ष निवासी 68 जीडीसी कॉलेज के सामने इटावा, आसिम पिता आमीन शेख उम्र 30 वर्ष निवासी 114 पुष्पकुंज कॉलोनी इटावा, हर्ष पिता दिनेश प्रजापति उम्र 23 वर्ष निवासी 88 पुष्पकुंज कॉलोनी इटावा देवास, अकबर पिता शमशुद्दीन खान उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम जामगोद नई आबादी देवास, मोईन पिता अंसार खान उम्र 22 वर्ष निवासी 2 बटा 8 नई आबादी देवास, साहिल अली पिता सराफत अली उम्र 22 वर्ष निवासी 195 विनायक नगर इटावा देवास तथा मोईन उर्फ मोनु पिता रउफ खान उम्र 23 वर्ष निवासी 198 विनायक नगर इटावा देवास शामिल हैं। खाता बेचने वाले आरोपियों में आफरीन पिता जाकीर अब्बासी उम्र 28 वर्ष निवासी कर्मचारी कॉलोनी देवास, रेहान शेख पिता ईरफान शेख उम्र 20 वर्ष निवासी 21 कर्मचारी कॉलोनी देवास, रेहान पिता जाहीद नागौरी उम्र 18 वर्ष निवासी पुष्पकुंज कॉलोनी देवास, इस्तियाक पिता इकबाल शेख उम्र 32 वर्ष निवासी पुष्पकुंज कॉलोनी इटावा देवास और तालिब पिता जानिब शेख उम्र 28 वर्ष निवासी पुष्पकुंज कॉलोनी इटावा जिला देवास शामिल हैं।

जप्त मश्रुका

पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की पांच किट, युको बैंक की एक किट, वोडाफोन आइडिया की दो सिम तथा कुल 78 बैंक खाते जप्त किए गए हैं, जिनमें बैंक ऑफ महाराष्ट्र के 71 और युको बैंक के 7 खाते शामिल हैं।

सराहनीय कार्य

इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली श्री श्यामचंद्र शर्मा, उप निरीक्षक जीवन भिण्डोरे, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, हेमंत डाबी, रवि गरोड़ा, आर नवीन देथलिया, सुजीत, वैभव, मनीष देथलिया तथा सायबर सेल टीम से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान, शिवप्रताप सिंह, गितिका कानुनगो, महिला आरक्षक आरती सिंह, नैना खान, निशा पाटोरिया, आरक्षक मोनु राणावत और राहुल बडोले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

देवास पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे कुछ रुपयों के लालच में किसी के कहने पर न तो बैंक खाता खुलवाएं और न ही अपने बैंक खातों का उपयोग किसी अन्य व्यक्ति को करने दें। अपनी बैंक पासबुक, एटीएम, सिम कार्ड और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। पीओएस मशीन संचालक भी कमीशन के लालच में किसी अनजान व्यक्ति को अपनी मशीन का दुरुपयोग न करने दें।

Post Author: Vijendra Upadhyay