चोर ले उड़े करीब एक लाख रुपये का सामान

चोर ले उड़े करीब एक लाख रुपये का सामान

आनंद विहार कॉलोनी में नए मकान को बनाया निशाना

देवास। शहर के नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंद विहार कॉलोनी में शनिवार रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक नव निर्मित मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए करीब एक लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। चोरी गए सामान में फ्रिज का कंप्रेसर और मकान में लगे नल शामिल बताए जा रहे हैं। मकान कॉलोनी निवासी वाहिद पठान का है, जिन्होंने हाल ही में इसका निर्माण कराया था। फिलहाल वे इसमें निवास नहीं कर रहे थे, लेकिन अपने व्यापार से संबंधित कुछ सामग्री उन्होंने मकान में रखी हुई थी। इसी सुनसान स्थिति का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को निशाना बनाया और अंदर रखा सामान ले गए। रविवार सुबह जब वाहिद पठान मकान देखने पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत नाहर दरवाजा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की। प्राथमिक जानकारी के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आनंद विहार कॉलोनी के रहवासी खासे चिंतित हैं।

Post Author: Vijendra Upadhyay