माता टेकरी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप
नशे की हालत में मिले युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
देवास। शहर के प्रसिद्ध माता टेकरी मंदिर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कुछ देर तक क्षेत्र में हंगामे की स्थिति भी बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना टेकरी रपट मार्ग पर हुई। आरोप है कि टेकरी पर दर्शन के लिए आई एक महिला के साथ युवक ने अभद्र व्यवहार किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई भी कर दी। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था, जिसके कारण वहां कुछ समय के लिए अफरा तफरी की स्थिति बन गई। युवक ने अपना नाम प्रशांत बताया है और खुद को इंदौर का निवासी बताया है। घटना के बाद मौजूद लोगों ने युवक को देवास पुलिस के हवाले कर दिया। युवक का कहना है कि वह नशे की हालत में था और टेकरी से नीचे उतर रहा था। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


