देवास में खूनी गैंगवार, फायरिंग में 19 वर्षीय युवक की मौत, एक गंभीर घायल
देवास। शहर के भवानी सागर क्षेत्र में गुरुवार देर रात दो आपराधिक समूहों के बीच पुरानी रंजिश खूनी गैंगवार में बदल गई। एबी रोड के पास गलियों में करीब रात 1 से 2 बजे के बीच हुई इस वारदात में 19 वर्षीय शुभम उर्फ लड्डूनाथ योगी की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गौतम नाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार लड्डूनाथ गुरुवार रात अपने घर पर भोजन कर रहा था, तभी उसके दोस्त गौतम का फोन आया। गौतम ने बताया कि कुछ लोग उसे रोककर विवाद कर रहे हैं। इस पर लड्डू मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा, लेकिन इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दो बदमाशों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली लड्डू के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौतम के पैरों में दो गोलियां लगीं। इसके बाद आरोपियों ने हथियारों से मारपीट भी की और एक कार में तोड़फोड़ की।
घटना के बाद परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने लड्डूनाथ को मृत घोषित कर दिया। वहीं गौतम की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। मृतक लड्डूनाथ टेकरी क्षेत्र में नारियल, प्रसाद और फोटो की दुकान संचालित करता था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी उससे अवैध वसूली की मांग करते थे और पहले भी उसकी बाइक जला चुके थे।
नाहर दरवाजा थाना प्रभारी अमित सोलंकी के अनुसार मामले में आरोपी ऋतिक सिहोते, तुषार सिहोते, मट्टू सिहोते, विपिन बाली, वरुण बाली, गट्टू सिहोते और राहुल उर्फ शूटर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने देर रात कई स्थानों पर दबिश देकर कुछ आरोपियों को राउंडअप किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें इंदौर सहित अन्य स्थानों पर रवाना की गई हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी वरुण बाली पर पहले भी गंभीर मामले दर्ज हैं। करीब दो साल पहले उसने लड्डूनाथ पर प्राणघातक हमला किया था और उसकी बाइक में आग लगा दी थी। इसके अलावा जवाहर चौक स्थित दुकान पर अवैध वसूली के मामले में भी उसके खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। वहीं पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मृतक और घायल पक्ष पर भी पूर्व में मामले दर्ज रहे हैं।
घटना के बाद परिजनों ने सुरक्षा की मांग की है। मृतक के भाई पीयूष का आरोप है कि अस्पताल में भी कुछ लोगों ने पहुंचकर धमकी दी कि एक को मार दिया, दूसरे को भी देख लेंगे। वहीं जानकारी यह भी सामने आई है कि दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति भी घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।


