अंतर्राज्यीय सट्टा खाईवाल गिरफ्तार

अंतर्राज्यीय सट्टा खाईवाल गिरफ्तार

12 लाख 10 हजार रुपये नगद जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, फरार साथियों की तलाश जारी

देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत द्वारा जिले में संगठित अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना कन्नौद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय सट्टा खाईवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 लाख 10 हजार रुपये नगद, सट्टा रजिस्टर और हिसाब-किताब जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन एवं एसडीओपी आदित्य तिवारी को जिलेभर में अवैध जुआ और सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद थाना कन्नौद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार कार्रवाई शुरू की।

इसी दौरान सूचना मिली कि कन्नौद कस्बे के पीपल्दा रोड वार्ड क्रमांक 11 में बड़े स्तर पर सट्टा खाईवाली संचालित की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तहजीब काजी ने विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने दो दिनों तक जनगणना अधिकारी बनकर इलाके में रैकी की और इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।

दबिश के दौरान मौके से दो व्यक्ति फरार हो गए, जबकि संदीप पिता ओमप्रकाश उम्र 41 वर्ष निवासी पीपल्दा रोड वार्ड क्रमांक 11 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से सट्टा अंक लिखे रजिस्टर, पिछले एक वर्ष का हिसाब-किताब और कुल 12 लाख 10 हजार रुपये नगद जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उज्जैन, इंदौर, चापड़ा, कोटा (राजस्थान) और नागपुर तक सट्टा खाईवाली का संचालन करता है। मामले में थाना कन्नौद में अपराध क्रमांक 329/2026 धारा 4 (क) सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और उसके अन्य साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तहजीब काजी, उपनिरीक्षक दीपक भोण्डे, सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल पंवार, आरक्षक राहुल सोनी, निकेतन परमार एवं महिला आरक्षक मुस्कान चौहान की सराहनीय भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay