राष्ट्रीय खेल दिवस पर अमलतास विश्वविद्यालय में होगा खेलो इंडिया संवाद
पीएम मोदी करेंगे युवाओं को वर्चुअल संबोधित
देवास। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में अमलतास विश्वविद्यालय, देवास में 27 अगस्त को प्रतिष्ठित खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को सीधे संबोधित करेंगे।
अमलतास विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा खिलाड़ी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान युवा खेलों के विकास, युवा सहभागिता, नेतृत्व क्षमता और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश और देश के युवाओं को पिछले 12 वर्षों में खेल क्षेत्र में हुए क्रांतिकारी बदलावों और तेजी से विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र (Sports Ecosystem) से परिचित कराना है। अमलतास विश्वविद्यालय के चेयरमैन मयंक राज सिंह भदौरिया ने बताया कि 27 अगस्त को आयोजित होने वाले खेलो इंडिया संवाद का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक सशक्त मंच पर जोड़ना है। उन्होंने बताया कि अमलतास विश्वविद्यालय परिसर को इस आयोजन के लिए कैटेगरी ए (Category-A) के तहत चुना गया है। इस वजह से विश्वविद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के लाइव प्रसारण के साथ-साथ दो-तरफ़ा संवाद (Two-way Communication) की विशेष सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसके जरिए स्थानीय युवा सीधे अपनी बात रख सकेंगे।


