FFGS में हर्षोल्लास से मनाई गई जन्माष्टमी,

FFGS में हर्षोल्लास से मनाई गई जन्माष्टमी, राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन

देवास। Faith Foundation Global School (FFGS) में गुरुवार को जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया। नर्सरी, जूनियर केजी एवं सीनियर केजी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में सजकर विद्यालय पहुंचे। आकर्षक वेशभूषा में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।

कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधान धारण कर भारतीय संस्कृति एवं परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की। वहीं, कक्षा 4 से 6 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न बॉलीवुड गीतों एवं कृष्ण भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह और उमंग भर दी। नृत्य प्रस्तुति में मुस्कान, स्वरा, श्रेया, यशिका, सीरत, केटियारा, अनुष्का, अनुषा, रिनिशा, किमिशा, अनन्या, स्नेहा, माही, वेदिका, देवांशी एवं तन्वी ने शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी की खूब तालियां बटोरीं।

समारोह का विशेष आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। नर्सरी, जूनियर केजी एवं सीनियर केजी के रेयांश, वाणी, दक्षराज, कृष्ण, काश्वी, अविका, आन्या, आलिया, लक्ष्य एवं नवनीत ने मटकी फोड़ने के प्रयास में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों की मासूमियत और उत्साह ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा। प्रतियोगिता में चैतन्य सिंह ने मटकी फोड़कर शानदार प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, प्रेम, करुणा, सद्भाव एवं धर्म के संदेशों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव, उमंग और भक्ति का वातावरण बना रहा।

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं जीवन-मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।

जन्माष्टमी समारोह ने विद्यालय में भक्ति, उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

Post Author: Vijendra Upadhyay