देवास। हार्टफुलनेस संस्था द्वारा 22 से 24 फरवरी तक गीता भवन स्टेशन रोड पर ध्यानोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिदिन 750 से 800 लोगों ने एक साथ हृदय आधारित ध्यान का लाभ लिया। संस्था द्वारा तीनों दिवस में क्रमबद्ध तरीके से तनावरहित आंतरिक वातावरण विकसित करना, हृदय का निर्मलीकरण एवं हृदय आधारित ध्यान का अहसास कराया गया। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उपमहानिरीक्षक रूचिवर्धन मिश्र द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किया गया। श्रीमती मिश्र ने अपने उद्बोधन में देवास के नागरिकों एवं पुलिस से अपने अनुभव बांटते हुए कहा कि ध्यान के माध्यम से जीवन मे आने वाली विषम परिस्थितियों का सरलता एवं धैर्य के साथ समाधान किया जा सकता है।

कार्यक्रम के तीनों सत्रों में मुख्य अतिथियों के रूप में कृष्णावेणी देसावतु, डॉ. समीरा नईम, डॉ. आर.के सक्सेना, वी.के. गुप्ता एवं अन्य प्रतिष्ठित गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में इंदौर, उज्जैन, सांवेर एवं देवास गीता भवन ट्रस्ट का विशेष सहयोग रहा। सस्था के प्रशिक्षक डॉ. विकास वमन शिहुरकर एवं प्रवीण श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। उक्त जानकारी डॉ. मनीष सचान ने दी।

