देवास जिले में उज्जैन एवं इन्दौर संभाग के 15 जिलों के लिए सैनिक भर्ती रैली का आयोजन 20 मार्च से

सोलजर जीडी पोस्‍ट के लिए भर्ती रैली में 20 मार्च को देवास, खरगौन और अलीराजपुर जिले के लिए युवा होंगे शामिल

—————

सैनिक भर्ती रैली में युवा कोविड-19 प्रमाण पत्र साथ लाये, प्रमाण-पत्र नियत दिनांक के दो दिवस पूर्व का ही होगा मान्‍य

————–

     देवास, 18 मार्च 2021/ देश सेवा और सेना में भर्ती होने के लिए नौजवानों को सुनहरा अवसर मिला है। देवास जिले में सैनिक भर्ती रैली का आयोजन 20 मार्च से 30 मार्च 2021 तक कुशाभाऊ ठाकरे स्‍टेडियम देवास में होगा। सैनिक भर्ती रैली उज्‍जैन एवं इन्‍दौर संभाग के 15 जिलों के लिए आयोजित की जा रही है। सैनिक भर्ती रैली के लिए 49 हजार 987 युवाओं ने पंजीयन कराया है।

     जिला रोजगार अधिकारी देवास ने बताया कि सेना भर्ती कार्यालय महू से प्राप्‍त जानकारी अनुसार युवाओ के लिए जो तिथि निर्धारित है उस निर्धारित तिथि के एक दिवस पूर्व रात्रि 11 बजे तक रैली स्‍थल पर उपस्थित होना है। कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए रैली में भाग लेने के लिए कोविड-19 का प्रमाण-पत्र अनिवार्य साथ लाना है। कोविड-19 प्रमाण-पत्र नियत दिनांक से दो दिवस पूर्व का ही मान्‍य होगा।

     सोलजर जीडी पोस्‍ट के लिए भर्ती रैली 20 मार्च को देवास, खरगौन और अलीराजपुर जिले के लिए, 21 मार्च को इन्‍दौर, झाबुआ और रतलाम जिले के लिए, 22 मार्च को बुरहानपुर, नीमच और उज्‍जैन जिले के लिए, 23 मार्च को खण्‍डवा, शाजापुर और आगर मालवा जिले के लिए और 25 मार्च को बडवानी, धार और मंदसौर जिले के लिए आयोजित की जायेगी।

     सोलजर ट्रेडमेन पोस्‍ट के लिए भर्ती रैली 26 मार्च को देवास, इन्‍दौर, मंदसौर और रतलाम जिले के लिए, 27 मार्च को बडवानी, बुरहानपुर, धार, खण्‍डवा, झाबुआ, खरगौन, नीमच, शाजापुर, अलिराजपुर और आगर-मालवा जिले के लिए आयोजित की जायेगी। सोलजर तकनीकी पोस्‍ट के लिए 28 मार्च को उज्‍जैन एवं इन्‍दौर संभाग के 15 जिलों के लिए तथा अन्‍य बेलेन्‍स केटेगरी के लिए 30 मार्च को उज्‍जैन एवं इन्‍दौर संभाग के 15 जिलों के लिए भर्ती रैली देवास में आयोजित की जायेगी।

Post Author: Vijendra Upadhyay