- अस्थाई जेल भेजकर कोरोना पर लिखवाया निबंध
देवास, 02 अप्रैल 2021/ कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला के निर्देश पर जिले में कोरोना संक्रमण से रोकथाम के लिये जिला प्रशासन द्वारा जिले भर में जनजागरूकता के साथ ही मास्क एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन न करने वाले व्यक्तियों पर लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अस्थाई जेल भी भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में आज शुक्रवार को एडीएम महेंद्र सिंह कवचे, एसडीएम प्रदीप सोनी, सीएसपी विवेक सिंह चौहान, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगरनिगम के अमले ने देवास शहर के अलग-अलग स्थानों सयाजी द्वार, विकास नगर चौराहा, नगर निगम चौराहा, भोपाल चौराहा सहित अन्य स्थानों पर चालानी कार्रवाई कर 72 लोगों को चालान बनाए तथा अस्थाई जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
एडीएम महेंद्रसिंह कवचे ने बताया कि मास्क न पहनने वाले, सोशल डिस्टेसिंग का पालन न करने वालों पर चालानी कार्यवाही की गई तथा उन्हें शासकीय चिमनाबाई स्कूल में बनाए गए अस्थाई जेल में रखा गया। वहां उनसे कोरोना संक्रमण के संबंध में निबंध लिखवाया तथा समझाइश देकर छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

