देवास 17 अप्रैल 2021/ संभागायुक्त संदीप यादव एवं आईजी योगेश देशमुख ने देवास जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल एवं परिसर में नर्सिंग कॉलेज में बनाए जा रहे कोविड-19 केयर सेंटर के कार्य की प्रगति का अवलोकन किया।
इस दौरान कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सिंह चौहान, एडीएम महेंद्र सिंह कवचे, एएसपी मंजीत सिंह चावला, नगर निगम आयुक्त श्री विशाल सिंह चौहान, एसडीएम श्री प्रदीप सोनी, सीएसपी विवेक सिंह चौहान, सीएमएचओ डॉ.एमपी शर्मा, डीएसपी ट्रैफिक किरण शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे। अवलोकन के दौरान संभागायुक्त यादव एवं आईजी देशमुख ने बन रहे कोविड-19 केयर सेंटर के कार्य की प्रगति को देखकर उसकी प्रशंसा की। कलेक्टर शुक्ला ने बताया कि जिला अस्पताल में कोविड-19 मरीजों की बढ़ोत्तरी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिला अस्पताल अतिरिक्त 100 ऑक्सीजन युक्त बेड लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही जिला अस्पताल परिसर में स्थित नर्सिंग कॉलेज में अब 200 बेड का कोविड-19 का सेंटर बनाया जा रहा है। जिसमें 100 बेड वैकल्पिक ऑक्सीजन के रहेंगे तथा 100 सामान्य बेड रहेंगे। इस प्रकार जिला अस्पताल एवं नर्सिंग कॉलेज में कुल 300 अतिरिक्त बेड की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इसके अलावा जिला अस्पताल में 30 बेड एचडीयू के तैयार कि जा रहे हैं।

