कोरोना संक्रमित पति-पत्नी के शव मकान में मिले

  • नगर निगम ने कोविड प्रोटोकॉल के तहत किया अंतिम संस्कार

देवास। शहर कोतवाली थानांतर्गत खारी बावड़ी क्षेत्र में कटी घाटी पर रहने वाले एक दंपति के शव उनके घर में पड़े मिले। जिसकी सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम ने दोनों शवों को बरामद कर कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया। बताया जा रहा है कि ये दोनों पति-पत्नी पिछले 5-6 दिनों से कोरोना संक्रमित थे, संभवत: इसी के चलते उनकी मौत हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खारी बावड़ी क्षेत्र के कटी घाटी में उनके घर के ठीक सामने किशोर लश्करी 60 वर्ष व उनकी पत्नी ज्योति लश्करी 55 वर्ष रहते थे और वे लाण्ड्री चलाकर अपना जीवन यापन करते थे। उनके कोई बच्चे भी नहीं है। बुधवार की दोपहर तक उन दोनों पति-पत्नी को घर के बाहर देखा गया था, किंतु शाम के बाद उन्हें किसी ने भी नहीं देखा और गुरुवार की सुबह भी उनके घर का दरवाजा नहीं खुला। इसी दौरान कपड़े पर प्रेस कराने के लिए एक-दो लोग भी उनके घर आए और आवाज दी, किंतु दरवाजा नहीं खुला। तब शंका होने पर दोपहर करीब 1 बजे सामने रहने वाले वकार अहमद व एक अन्य महिला ने खिड़की से झांककर देखा तो किशोर लश्करी पलंग पर मूर्छित अवस्था में पड़े थे और उनकी पत्नी जमीन पर पड़ी थी।

यह देखकर वकार अहमद ने इस बात की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई उमराव सिंह मौके पर पहुंचे व निरीक्षण किया तथा इस बात जानकारी नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी आर.एस. केलकर को दी। इसके बाद करीब 4 बजे तक नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची व दोनों शवों को घर से बाहर निकालकर कोविड प्रोटोकॉल के तहत उनका अंतिम संस्कार किया गया। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों कोरोना संक्रमित हो गए थे और उन्हें समय पर उपचार नहीं मिला और संभवत: रात के समय आक्सीजन की कमी के चलते उनकी मौत हो गई। हालांकि अभी तक मौत के कारण की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 

Post Author: Vijendra Upadhyay