———-
सीएम हेल्प लाइन में दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण करें
———
कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
————-
देवास, 09 जुलाई 2021/ लोकसेवा गारंटी में जो भी प्रकरण दर्ज हैं, उनका निराकरण प्राथमिकता से करें। सभी अधिकारीगण 31 जुलाई तक सभी प्रकरणों का निराकरण करें। दिनांक 01 अगस्त के बाद प्रकरण यदि पेडिंग पाये गए तो संबंधित अधिकारियों पर 5-5 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। उक्त निर्देश कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व विभाग की बैठक में सभी राजस्व अधिकारियों को दिए। बैठक में एडीएम श्री महेंद्र सिंह कवचे, एसडीएम प्रदीप सोनी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रिया वर्मा, तहसीलदार पूनम तोमर, लोक सेवा प्रबंधक सौरभ जैन सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे। साथ ही जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारीगण, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व विभाग के अधिकारीगण वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
अभियान चलाकर प्रकरणों का निराकरण करें
लोकसेवा गारंटी के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण नहीं होने पर कलेक्टर श्री शुक्ला ने सभी प्रकरणों का निराकरण अभियान चलाकर करने के निर्देश दिए। कोई भी प्रकरण समय सीमा के बाद शेष नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल को आधार बनाकर यह न कहें कि काम नहीं हो पाया था, अभी भी समय हैं 31 जुलाई तक उनका निराकरण हो जाये। इसके लिए आज से ही काम में तेजी लाकर उक्त कार्य को पूर्ण करें। उन्होंने निर्देश दिए ऋण पुस्तिका को समय सीमा में देना सुनिश्चित करें।
गरीबों की जमीन दबंगों से मुक्त कराएं
बैठक में कलेक्टर शुक्ला ने कहा कि लगातार आवेदन आ रहे हैं कि गरीबों की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किया जा रहा है। सभी तहसीलदार अपनी टीम लेकर मौके पर जाएं तथा गरीब की जमीन को दबंगों से मुक्त कराएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बोवनी का समय हैं तथा अक्सर रास्ते के विवाद के मामले आते हैं उनका भी निराकरण करें।
सीएम हेल्प लाइन के प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर शुक्ला ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में कोई भी प्रकरण शेष न रहे। सभी प्रकरणों का निराकरण एल-1 पर ही करें। यदि कोई प्रकरण एल-02,एल-03, एल-04 पर हैं तो उनका भी निराकरण करें। अगली बार समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण शून्य हो इसके लिए भी आज से काम प्रारंभ कर दें।
इन प्रकरणों की भी की गई समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राजस्व वसूली सहित अन्य प्रकरणों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा निर्देश कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को दिए।
प्रकरणों के निराकरण में ढिलाई न बरतें
बैठक में अपर कलेक्टर कवचे ने कहा कि लोकसेवा गारंटी, सीएम हेल्पलाइन व अन्य राजस्व विभाग के प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में करें। इस कार्य में ढिलाई न बरतें। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की सतत समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। जिसमें अपना कार्य उत्कृष्टता में आएं इसके लिए सभी कार्य को गंभीरता से करें। जो भी प्रकरण हैं उन्हें देखले तथा उनका निराकरण करें।
लोकसेवा गांरटी के संबंध में दी विस्तार से जानकारी
बैठक में लोकसेवा प्रबंधक सौरभ जैन ने लोकसेवा गारंटी के किए जाने वाले कार्यों की जानकारी विस्तार से बताई तथा कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या आए तो उनका निराकरण करवा सकते हैं।

