श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए चलायमान तरीके से दर्शन कराये – संभागायुक्त श्री यादव
———
प्रसादालय का किया निरीक्षण, व्यवस्था देखकर प्रशंसा की
——-
देवास 07 अक्टूबर 2021/ संभागायुक्त उज्जैन संदीप यादव ने आज गुरुवार को माताजी की टेकरी पर मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा के दर्शन कर पूजा अर्चना की और टेकरी पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, एएसपी मनजीत सिंह चावला, नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान, एसडीएम प्रदीप सोनी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि नवरात्रि पर्व के दौरान माताजी की टेकरी पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। श्रद्धालुओं को माताजी के दर्शन सुगमता से हो इस बात का ध्यान रखा जाएं। श्रद्धालुओं की भीड़ एक साथ न हो इसके लिए श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए चलायमान तरीके से दर्शन कराये। दर्शनार्थियों को एक जगह ज्यादा देर खडे न रहने दे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं से कोविड-19 के तहत जारी गाइडलाइन का भी पालन करवाया जाए। यदि किसी श्रद्धालु ने मास्क नहीं लगाया है तो उन्हें मास्क लगाने का कहे। टेकरी पर हाथ धोने की तथा सेनेटाईजर की पर्याप्त व्यवस्था रखे।
संभागायुक्त यादव ने माताजी की टेकरी पर स्थित प्रसादालय (अन्न क्षेत्र) का निरीक्षण किया तथा प्रसादालय के संबंध में जानकारी ली। प्रसादालय में बनाई जा रही प्रसाद की प्रक्रिया को देखा। टेकरी पर गई व्यवस्थाओं एवं प्रसादालय की व्यवस्था पर प्रशंसा व्यक्त की।


