उत्कृष्ट विद्यालय में एसपी पुनीत गेहलोत का संवाद

उत्कृष्ट विद्यालय में एसपी पुनीत गेहलोत का संवाद

विद्यार्थियों को दिया करियर मार्गदर्शन

पूर्व छात्र के रूप में पहुंचे एसपी, मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, प्रतियोगी परीक्षाओं पर दी जानकारी

देवास के उत्कृष्ट विद्यालय में आज एक प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जब जिले के पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत, जो स्वयं इसी विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं, ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के लिए सराहा और उनका उत्साहवर्धन किया।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष उत्कृष्ट विद्यालय देवास ने शानदार प्रदर्शन किया है। कक्षा 10वीं में जिले के टॉप 10 में से 5 छात्र इसी विद्यालय के रहे, जबकि कक्षा 12वीं में भी टॉप 10 में 3 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया। साथ ही राज्य स्तरीय मेरिट सूची में भी कक्षा 10वीं और 12वीं से एक-एक विद्यार्थी ने स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने और निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने गणित, बायोलॉजी, साइंस और कॉमर्स सहित विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों को सीए, एमबीबीएस, आईआईटी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा की तैयारी के लिए भी आवश्यक मार्गदर्शन साझा किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को पुलिस कंट्रोल रूम का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। यह मुलाकात विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रही और उनके भविष्य के लिए नई दिशा देने वाली साबित हुई।

Post Author: Vijendra Upadhyay