देवास। देवास जिला सॉफ्ट बॉल एसोसिएशन एवं प्रगति एथलेटिक्स क्लब के संचालक अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि टीकमगढ़ में आयोजित 43 वी सीनियर राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में देवास जिला सॉफ्टबॉल एसोसिएशन की बालिकाओं ने बाजी मारी। देवास की ओर से रागिनी चौहान, देविका चौधरी, प्रियांशी चौधरी, रीतिका चौहान, मानसी राठौर, दीपा बिल्वे, नैंसी सोनी, पूजा सिंह, दीपा तिवारी आदि ने अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रारंभिक मुकाबलों में भोपाल को 2-0 से, टीकमगढ़ को 5-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। यहां इनका मुकाबला होशंगाबाद जिले से हुआ जिसमें दोनों ही टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया और देवास ने 5-3 से मुकाबला जीता। टूर्नामेंट के समापन के अवसर पर टीकमगढ़ जिले के विधायक राकेश गिरी गोस्वामी, भारतीय सॉफ्टबॉल संघ के सीईओ डॉ. प्रवीण अनावकर ने खिलाडिय़ों को ट्रॉफी देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की । देवास टीम के देवास आगमन पर कुशाभाऊ ठाकरे खेल स्टेडियम पर स्वागत कार्यक्रम रखा गया।
इस अवसर पर सॉफ्ट बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज राजानी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग अधिकारी हेमंत सुबीर, देवास जिला सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के सचिव राजीव श्रीवास्तव, बार एसोसिएशन के सचिव चंद्रपाल सोलंकी, कांग्रेस नेता अनिल गोस्वामी, योगेश द्विवेदी, जितेंद्र गोस्वामी आदि ने खिलाडियों को बधाई प्रेषित की।

