जिले के सभी अस्पतालों में मशीनों और ऑक्सीजन प्लांटों को चेक कर मॉकड्रील कर लें
– कलेक्टर शुक्ला
————-
जिले में रोको-टोको अभियान चलाये, मास्क नहीं पहने वाले व्यक्तियों को समझाइश दे
– एसपी डॉ सिंह
————
देवास 03 जनवरी 2022/ कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला ने जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के संबंध में की गई तैयारियों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में की। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सिंह चौहान, अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान, एसडीएम प्रदीप सोनी, सीएमएचओ डॉ. एम.पी. शर्मा सहित अन्य अधिकारगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री शुक्ला ने जिले में कोविड-19 के संबंध की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले में कोरोना संक्रमण न फैलें, इसे रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किये जाए। जिले में कोरोना गाइड लाइन पालन सख्ती से कराया जाए। मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए नागरिकों को प्रेरित करें। मास्क लगाने के लिए माहौल बनाये। दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग के गोले बनाने, सेनेटाईजर की व्यवस्था, काउंटर पर प्लास्टिक की सीट लगाने, दुकानों पर कोरोना से बचाव के संबंध में नोटीस लगाने के लिए प्रेरित करें। हाट बाजारों, मेले में एक स्थान पर भीड़ इक्कठा न हों इसका विशेष ध्यान रखा जाये। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया जाये।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि सभी अस्पतालों में मशीनों को चेक कर लें। ब्लॉक लेवल पर भी अस्पतालों में मशीनों का मॉकड्रील कर लें। ब्लॉक लेवल पर जनप्रतिनिधियों के साथ क्राइसिस मेनेजमेंट की बैठके करें। ब्लॉक लेवल पर ऑक्सीजन के लिए वेंडरों से अनुबंध करके सीधे ही नियमित रूप से व्यवस्था करें। बालगढ में कोविड केयर सेंटर बनाया गया है, जिसमें 100 बेड की व्यवस्था की गई है। कोविड केयर सेंटर पर भोजन, दवाई सहित अन्य सभी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई है। जिले में 24 फिवर क्लीनिक भी बनाये गये है। कोविड कमांड सेंटर रेडक्रास हास्पीटल परिसर में बनाया जा रहा है। सेंटर पर एक एम्बुलेंश की सुविधा भी रहेगी। मरीजों के लिए फोन पर इलाज की टेली मेडिसिन की सुविधा भी रहेगी। सीटी स्केन की सुविधा जिला अस्पताल में उपलब्ध है। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
कलेक्टर शुक्ला ने कहा कि देवास शहर के सात निजी अस्पताल कोरोना संक्रमित व्यक्तियों का इलाज करेंगे। इसकी स्वीकृति जिला अस्पताल से लेकर अस्पताल में भर्ती मरीज की जानकारी नियमित रूप से जिला अस्पताल में देंगे और मरीजों की जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर भी अपलोड करेंगे। आयुष्मान कार्ड धारी नागरिकों को मुख्यमंत्री कोविड उपचार योजना का लाभ दिया जाये।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिये कि रोजाना 12 सौ सैंपल लिये जाये। सैंपल के जांच की बाद रिर्पोट की सूचना 24 घण्टे के अन्दर एसएमएस के माध्यम से संबंधित को दी जाये। पॉजिटिव व्यक्ति के परिवार वालों और मिलने वालों को भी सैंपल लिया जाये। उन्हें होम आइसोलेट करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव दयाल सिंह ने कहा कि रोको-टोको अभियान सतत चलाते रहें तथा जो मास्क नहीं पहने हो उन्हें समझाइश भी दे साथ ही चालानी कार्रवाई भी करें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि संबंधित क्षेत्र के मरीज के घर जाकर नियमित रूप से स्वास्थ्य पर नजर रखे। पॉजिटिव मरीजों के घर पर कोरोना पॉजिटिव का बोर्ड लगाये और आस-पास के लोगों को भी सचेत करें।
बैठक में बताया गया कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल देवास में 4 ऑक्सीजन प्लांट लगाये गये है। जिला जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांटो की टेस्टिंग कर ली गई है। ऑक्सीजन प्लांट 1500 एलपीएम, 1000 हजार एलपीएम, 500 एलपीएम और 186 एलपीएम के है। इसके अलावा 1000 ऑक्सीजन सिलेंडर भी रिजर्व में रखे गये है। जिला अस्पताल में ऑक्सीजन रिफीलिंग प्लांट से 1 घण्टे में 12 सिलेंडर भरने की व्यवस्था भी है। जिला अस्पताल में कुल 360 बेड है। सभी बेडो पर ऑक्सीजन की लाईन की व्यवस्था की गई है, जिसमें 50 आईसीयू बेड भी शामिल है। इसके अलावा खातेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 250 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया गया है। ऑक्सीजन की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कंस्ट्रेटर मशीन का इंतजाम भी किया गया है।
जिले के सभी ब्लॉक/तहसील स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर कुल 209 बेड ऑक्सीजन युक्त बनाये गये है। जिला अस्पताल में एक लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट भी शीघ्र चालू किया जा रहा है।

