समारोह में सुश्री बिम्बावती देवी, सुश्री मीता पण्डित, सुश्री सुचिस्मिता आचार्य एवं सुश्री देबोप्रिया रणदिवे राष्ट्रीय कुमार गन्धर्व सम्मान से अलंकृत
————
राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत सुश्री मीता पण्डित ने गायन एवं कोलकाता की सुश्री बिम्बावती देवी और साथी मणिपुरी समूह ने नृत्य प्रस्तुत किया
—————
देवास / मल्हार स्मृति मंदिर देवास सभागार में शुक्रवार को दो दिवसीय पण्डित कुमार गंधर्व समारोह की शुरुआत हुई। समारोह में सुश्री बिम्बावती देवी को 2018 के लिए, सुश्री मीता पण्डित को 2019 और सुश्री सुचिस्मिता आचार्य एवं सुश्री देबोप्रिया रणदिवे को 2020 के लिए राष्ट्रीय कुमार गन्धर्व सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मान में सम्मान निधि राशि, सम्मान पट्टिका, शाल और श्रीफल दिया गया। इस दौरान कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला, उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक जयंत माधव भिसे, उपनिदेशक राहुल रस्तोगी पण्डित कुमार गन्धर्व की पुत्री कलापनी कोमकली ने सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।

समारोह में कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि में आज कला के सर्वश्रेष्ठ लोगो के साथ बैठा हूँ। संगीत के क्षेत्र में पण्डित कुमार गन्धर्व से देवास की पहचान है। राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत सुश्री मीता पण्डित ने कहा कि आज में बहुत खुश हूं, आज का दिन मेरे जीवन का बहुत बड़ा दिन है। सम्मान पाना मेरे लिए गौरव की बात है।
उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी भोपाल तथा संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में पहले दिन की शुरुआत दिल्ली की राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत सुश्री मीता पण्डित के गायन से हुई। इसके बाद कोलकाता की सुश्री बिम्बावती देवी और साथी मणिपुरी समूह ने नृत्य प्रस्तुत किया। संगीत सभा में सहयोगी कलाकार के रूप में तबले पर श्री मिथलेश कुमार झा, हारमोनियम पर श्री रवि किल्लेदार एवं सारंगी पर श्री कमाल अहमद ने संगत की।


