समारोह में पुणे के श्री अतुल खाण्डेकर ने दी गायन की प्रस्तुति
————
समारोह में राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत सुश्री सुचिस्मिता आचार्य एवं देवोप्रिया रणदिवे-ठाणे के बाँसुरी युगल की प्रस्तुति
—————
देवास 09 अप्रैल 2022/ उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी भोपाल तथा संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से मल्हार स्मृति मंदिर देवास सभागार में आयोजित दो दिवसीय पण्डित कुमार गंधर्व समारोह का समापन शनिवार को हुआ। समारोह के दूसरे और अंतिम दिन 9 अप्रैल को सभा की शुरूआत पुणे के अतुल खाण्डेकर के गायन की प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात की दूसरी प्रस्तुति राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत सुश्री सुचिस्मिता आचार्य एवं देवोप्रिया रणदिवे-ठाणे के बाँसुरी युगल की हुई।
संगीत सभा में सहयोगी कलाकार के रूप में तबले पर श्री मिथलेश कुमार झा, हारमोनियम पर रवि किल्लेदार एवं सारंगी पर कमाल अहमद ने संगत की। इस दौरान शहर एवं जिले के कला रसिक प्रेमियों एवं संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर गायन एवं संगीत की धुनों का श्रवण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि यह सम्मान मूर्धन्य संगीतज्ञ स्वर्गीय पंडित कुमार गंधर्व की स्मृति में 1992 से स्थापित है। पूर्व में यह सम्मान गायन और वादन के क्षेत्र में बारी-बारी से दिया जाता रहा है। बाद में इसके अंतर्गत शास्त्रीय नृत्य को भी शामिल किया गया। कुमार गंधर्व सम्मान 25 से 45 वर्ष के श्रेष्ठतम कलाकार को उत्कृष्ट सृजन, दीर्घ-साधना एवं उल्लेखनीय प्रतिमानों के लिए दिया जाता है।


