‘’स्‍वतंत्रता सप्‍ताह’’ 11 से 17 अगस्‍त तक ‘’हर घर तिरंगा अभियान’’ के संबंध में कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने ली बैठक

————-

देवास जिले में आजा‍दी के 75 वां वर्ष 15 अगस्‍त को 3 लाख 26 हजार 423 घरों में राष्‍ट्रीय ध्‍वज तिरंगा फहराने का रखा लक्ष्‍य

—————

जिले में ग्रामीण क्षत्रों में 959 झण्‍डा विक्रय केन्‍द्र तथा शहरी क्षेत्र में 115 झण्‍डा विक्रय केन्‍द्र बनेंगे

————–

जिले में 495 ग्राम पंचायतों के लिए 44 सेक्‍टर में नोडल अधिकारी एवं 22 पर्यवेक्षक किये नियुक्‍त

————–

भारतीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए सभी को अपने घर, दुकानों, कार्यालयों, शैक्षिक संस्थानों पर स्वेच्छा से तिरंगा फहराने के लिए करें प्रोत्साहित

—————-

देवास 15 जुलाई 2022/ ‘’स्‍वतंत्रता सप्‍ताह’’ 11 से 17 अगस्‍त तक ‘’हर घर तिरंगा अभियान’’ के सफल आयोजन के लिए गठित जिला स्‍तरीय समिति की बैठक कलेक्‍टर चन्‍द्रमौली शुक्‍ला की अध्‍यक्षता में कलेक्‍टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सिंह चौहान, नगर निगम आयुक्‍त विशाल सिंह चौहान, उद्योग/व्‍यापार मण्‍डलों के प्रतिनिधिगण सहित अन्‍य सदस्‍य उपस्थित थे।

कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार कराते हुए अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय ध्वज क्रय करने तथा हर घर में स्वेच्छा से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए जिले के सभी नागरिकों को प्रेरित करें। आजा‍दी के 75वें वर्ष में अमृत महोत्‍सव में 15 अगस्‍त को देवास जिले में 3 लाख 26 हजार 423 घरों में ‘’हर घर तिरंगा अभियान’’ में राष्‍ट्रीय ध्‍वज तिरंगा फहराने का लक्ष्‍य रखा गया है।

कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने कहा कि भारतीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए सभी को अपने घर, दुकानों, कार्यालयों, शैक्षिक संस्थानों आदि पर स्वेच्छा से तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित करें। प्रत्येक नागरिक को झण्डा संहिता का अनुपालन करना होगा। झण्डा फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी झण्डे के ऊपर, झण्डे को यदि सरकारी परिसर में फहराया जाता है तो सूर्योदय के उपरांत ध्वजारोहण किया जाना चाहिये तथा सूर्यास्त के साथ ही सम्मान के साथ इसे उतारना चाहिए, 11 से 17 अगस्त तक निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाये जाने वाले झण्डों को उक्त समयावधि के उपरान्त आदर भाव के साथ उतार कर सुरक्षित रखा जायेगा, झण्डा उतारने के बाद किसी भी नागरिक के द्वारा इसे फेंका नहीं जायेगा। उसे सम्मान के साथ फोल्ड रखा जाना चाहिए, विशेष परिस्थितियों में झण्डा रात्रि में फहराया जा सकता है, हर घर पर झण्डा विधिवत तरीके से लगाया जाना चाहिए, आधा झुका, फटा या कटा झण्डा लगाया जाना निषेध होगा।

कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में 11 अगस्त से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान का मुख्य उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता लाकर देशभक्ति की भावना जागृत करना और अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को स्वयं क्रय कर फहराने के लिए प्रेरित करना है।

कलेक्‍टर जिले की निर्देश दिये कि जिले के ग्रामों में जागरूता लाने के लिए ग्राम पंचायत के सचिव/ग्राम रोजगार सहायक ग्रामों में पोस्टर, बैनर, वाल-पेंटिग्स, माईकिंग, रैली आदि के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करें। ग्रामीण क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक हाट बजारों में व्यापक प्रचार-प्रसार करें। ग्रामीण क्षेत्र में तिरंगा यात्रा/तिरंगा रैली का आयोजन करें।

कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने जिला स्तरीय समिति में शामिल व्यापार मण्डल के अध्यक्षों से कहा कि वे जिले के समस्त व्यापारिक संस्थानों में झण्डे फहराने के लिए जनजागरुकता अभियान चलाये, प्रचार-प्रसार के लिए बैनर पोस्टर लगवाये।

कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए जन-भागीदारी आवश्‍यक है। उन्‍होंने जिला और ग्राम स्तर तक अभियान के प्रति नागरिकों में जागरूकता लाने और जन-भागीदारी बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। जिले में जन अभियान परिषद और स्वैच्छिक संगठनों के सहयोग से राष्ट्रीय ध्वज के गौरव और उसे फहराने की गरिमा के भाव को जन-जन तक पहुँचाया जाये।

बैठक में बताया गया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 495 ग्राम पंचायतों के लिए 44 सेक्‍टर में निर्धारित करते हुए नोडल अधिकारी बनाये गये है एवं 22 पर्यवेक्षक नियुक्‍त किये गये है। जिले में स्‍थानीय स्‍तर पर 105 महिला स्‍व-सहायता समूह का चिन्‍हांकन झण्‍डा निर्माण के लिए किया गया। झण्‍डा निर्माण के लिए कुल 18 सिलाई केन्‍द्रों में 645 महिलायें सिलाई कार्य करेंगी।

जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत कार्यालय एवं शासकीय उचित मूल्‍य की दूकानों पर विक्रय होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 959 विक्रय केन्‍द्र बनाये गये है तथा शहरी क्षेत्र में समस्‍त शासकीय कार्यालय/संस्‍थान के रूप में 115 विक्रय केन्‍द्र बनाये गये है। जिले में कुल 1 हजार 074 विक्रय केन्‍द्र बनाये गये है। झण्‍डे का विक्रय मूल्‍य कॉटन कपडा साईज 30×20 इंच का मूल्य 65 रूपये तथा पोलिस्‍टर कपडा साईज 30×20 इंच का मूल्‍य 55 रूपये निर्धारित किया है।

नगर निगम देवास में शहरी क्षेत्र घरों की संख्‍या 55 हजार 627 है। 13 नगर पंचायत में शहरी क्षेत्र में घरों की संख्‍या 35 हजार 270 है। 495 ग्राम पंचायतों में कुल 2 लाख 28 हजार 276 घर है। जिले में शासकीय कार्यालय/संस्‍थानों की संख्‍या 7 हजार 250 है, इस प्रकार कुल 3 लाख 26 हजार 423 घर और संस्‍थान जिले में चिन्हित किये गये है। समस्‍त घरों, दुकानों, कार्यालयों, प्रतिष्‍ठानों, शैक्षणिक संस्‍थानों एवं अन्‍य सरकारी एवं गैर सरकारी परिसरों में झण्‍डा फहराया जायेगा।

Post Author: Vijendra Upadhyay