महिलाओं के मंगलसूत्र लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

 

महिलाओं के मंगलसूत्र लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

40 दिन बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, 50 से अधिक घटनाओं को दे चुके थे अंजाम

देवास। शहर में महिलाओं के मंगलसूत्र और गोल्ड चैन लूट की दो अलग अलग सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को देवास पुलिस ने 40 दिनों के अथक परिश्रम के बाद गिरफ्तार कर लिया। देवास की दोनों घटनाओं के साथ रतलाम में हुई वारदात को भी पुलिस ने ट्रेस किया है और तीनों घटनाओं में लूटी गई गोल्ड चैन शत प्रतिशत बरामद कर ली गई है। एक आरोपी को लगभग 1300 किलोमीटर दूर उड़ीसा के गंजम जिले से तथा अन्य दो आरोपियों को लगभग 500 किलोमीटर दूर गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा देश के अलग अलग क्षेत्रों में 50 से अधिक लूट की घटनाएं करना सामने आया है। दिनांक 8 जनवरी 2026 को फरियादिया रुकमणी शर्मा निवासी राधागंज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पोते को किंडर स्कूल राधागंज देवास से घर लेकर लौट रही थी तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद दिनांक 19 जनवरी 2026 को फरियादिया उषा नवरंगे मंदिर जाते समय चेन स्नैचिंग की शिकार हुईं। दोनों घटनाओं पर थाना बैंक नोट प्रेस में अपराध क्रमांक 14/2026 एवं 35/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक एलआर संजय शर्मा के निर्देशन में तत्कालीन थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस अमित सोलंकी एवं थाना प्रभारी श्रीमति प्रीति कटारे के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। विशेष टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य और मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत जनसहयोग से लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से लगभग 800 से अधिक फुटेज की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का अंतरराज्यीय स्तर पर पीछा करते हुए उड़ीसा और सूरत में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने देवास तथा रतलाम की चेन स्नैचिंग घटनाएं स्वीकार कीं। रतलाम जिले में 18 जनवरी 2026 को हुई घटना थाना स्टेशन रोड रतलाम में अपराध क्रमांक 38/19.01.2026 के तहत दर्ज है। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

जप्त सामग्री

पुलिस ने आरोपियों से 02 सोने की चेन कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये, एक सोने का पेंडेंट लगभग 60 हजार रुपये, 02 मोटरसाइकिल लगभग 90 हजार रुपये तथा मोबाइल फोन लगभग 45 हजार रुपये सहित कुल लगभग 6 लाख 45 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में कान्हु चरण बधई पिता घनश्याम बधई उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम झिटीकाबाड़ी पोस्ट खंडरु जिला गंजम उड़ीसा हाल मुकाम शांति मोहल्ला जिला सूरत गुजरात, धवल कुमार पारेख पिता दिनेश भाई पारेख उम्र 42 वर्ष निवासी मकान नंबर 302 रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सयान सूरत गुजरात तथा रेखाबाई पति धवल कुमार पारेख उम्र 40 वर्ष निवासी कृष्णा कॉम्पलेक्स फ्लेट क्रमांक बी 401 सूरत गुजरात शामिल हैं।

सराहनीय कार्य

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस श्रीमति प्रीति कटारे, थाना प्रभारी नाहर दरवाजा अमित सोलंकी, उपनिरीक्षक गोपाल चौधरी, राहुल परमार, गौरीशंकर यादव, कृष्णा सूर्यवंशी, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह मण्डलोई, कमल सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अशोक जोसवाल, कुलदीप सिकरवार, धर्मेन्द्र चित्तोड़िया, हिमांशु कुशवाह, आरक्षक दीपेन्द्र शर्मा, संदीप यादव, दीपक वर्मा, महिला आरक्षक मोनिका चौहान, सपना राजपूत, ज्योति कुमावत, लाड़कुंवर राजपूत, शिवानी कुशवाह थाना बैंक नोट प्रेस, इंचार्ज थाना प्रभारी पलसोरा कौशिक मांझी, सहायक उपनिरीक्षक रमन कुमार सबारा, प्रधान आरक्षक प्रताप प्रधान, आरक्षक मरकंडा बेहरा थाना पलसोरा जिला गंजम उड़ीसा, थाना ओलपद सूरत गुजरात के आरक्षक श्रवण भाई, अमृत, जय सिंह, गुलाब सिंह, भरत भाई, ओदा भाई तथा साइबर सेल देवास से प्रधान आरक्षक शिवप्रताप सिंह सेंगर, सचिन चौहान एवं महिला आरक्षक नैना खान की विशेष भूमिका रही।

 

 

Post Author: Vijendra Upadhyay